राष्ट्रीय
16-Jun-2026


-हरियाणा विधानसभा में सीएम सैनी ने किया योगाभ्यास कर बताया योग का महत्व चंडीगढ़,(ईएमएस)। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 की तैयारी के बीच हरियाणा विधानसभा में योग का विशेष आयोजन किया गया। इस दौरान सीएम नायब सिंह सैनी ने मंगलवार को विधानसभा परिसर में योगाभ्यास किया और योग के महत्व पर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि आज पूरे देश के लिए गर्व का विषय है कि भारत की प्राचीन योग परंपरा को पूरी दुनिया ने अपनाया है। योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि जीवन को संतुलित और स्वस्थ रखने की एक संपूर्ण पद्धति है। सीएम सैनी ने कहा कि 2014 में पीएम मोदी ने योग को वैश्विक पहचान दिलाने के लिए संयुक्त राष्ट्र में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का प्रस्ताव रखा था। प्रधानमंत्री के इस प्रस्ताव का दुनिया भर के देशों ने स्वागत किया। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक सीएम सैनी ने कहा कि इस बार हम सभी 12वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मना रहे हैं और यह गर्व की बात है कि पूरी दुनिया योग से जुड़ चुकी है। उन्होंने कहा कि यह केवल एक प्रस्ताव नहीं था, बल्कि भारत की सांस्कृतिक शक्ति और उसकी प्राचीन विरासत का वैश्विक सम्मान था। उन्होंने कहा कि योग का उल्लेख श्रीमद्भगवद्गीता में भी मिलता है। भगवान श्रीकृष्ण द्वारा बताए गए कर्मयोग, भक्तियोग और ज्ञानयोग जैसे सिद्धांत आज भी मानव जीवन को सही दिशा देने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के जरिए दुनिया ने भारत के ऋषि-मुनियों द्वारा दिए गए अमूल्य ज्ञान और विरासत को सम्मान दिया है। आज विश्व के करीब सभी देश योग दिवस मना रहे हैं, जो भारत की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक परंपरा की वैश्विक स्वीकार्यता का प्रतीक है। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस प्रतिवर्ष 21 जून को मनाया जाता है। 11 दिसंबर 2014 को संयुक्त राष्ट्र के 177 सदस्यों की ओर से 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को मनाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई थी। सिराज/ईएमएस 16जून26