क्षेत्रीय
16-Jun-2026
...


इन्दौर (ईएमएस)। मंदिर के ट्रस्टी का मंदिर के ही शराबी चौकीदार को शराब पीने की बात पर समझाइश देना उसके लिए जानलेवा साबित हुआ। शराब के नशे में धुत्त चौकीदार ने मंदिर के ट्रस्टी की डंडे से पीट पीट कर हत्या कर दी। हत्या का यह सनसनीखेज मामला अन्नपूर्णा थाना क्षेत्र का है जहां गुरूनानक कालोनी स्थित 150 साल पुराने शिव हनुमान मंदिर के ट्रस्टी कैलाश मोदी उम्र सत्तर साल की हत्या मंदिर के चौकीदार मुकेश शर्मा ने कर दी। कैलाश मोदी मंदिर में कैटरिंग का काम भी देखते थे। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें चौकीदार मुकेश शर्मा उन पर डंडे से हमला करता हुआ दिखाई दे रहा है। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते आरोपी चौकीदार मुकेश शर्मा को हिरासत में ले लिया है। एसीपी शिवेंदु जोशी के अनुसार, घटना आज सुबह करीब 5:30 बजे की है। मंदिर का चौकीदार मुकेश शर्मा शराब पीने का आदी है। वह अक्सर नशे में मंदिर परिसर में विवाद करता है। मोदी उसे पहले भी कई बार समझाइश दे चुके थे। आज सुबह जब मुकेश फिर शराब के नशे में मंदिर पहुंचा तो मोदी ने उसे समझाने की कोशिश की। इस पर मुकेश भड़क गया। उसने मारने के लिए डंडा उठा लिया। यह देख मोदी अपनी जान बचाने के लिए वहां से भागे, लेकिन थोड़ी दूर पर मुकेश ने उन्हें पकड़ लिया। उन पर डंडे से अंधाधुंध वार किया। इसके बावजूद भी मोदी किसी तरह जान बचाने के लिए पास के एक गुरुद्वारे में घुस गए। लेकिन नशेड़ी चौकीदार वहां भी पहुंच गया और उसने मोदी के सिर पर डंडे से मारे। सिर में चोंट के कारण कैलाश मोदी अचेत होकर गिर पड़े। वहां मौजूद लोग उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। गुरुद्वारा के वॉइस प्रेसिडेंट दिलराज छाबड़ा के अनुसार सुबह 5 बजे गुरुद्वारे में सत्संग चल रहा था। साउंड के चलते वहां इस घटना की आवाज नहीं आई। दिलराज के अनुसार चौकीदार मुकेश के व्यवहार को लेकर कई बार आवेदन दिए जा चुके थे। वह मंदिर परिसर में लोगों को परेशान करता था। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। - 16 जून 2026