बिलासपुर (ईएमएस)। नार्थ ईस्ट इंस्टीट्यूट (एनईआई), बिलासपुर द्वारा आयोजित ग्रीष्मकालीन प्रशिक्षण शिविर का रंगारंग समापन समारोह के साथ समापन हो गया। 1 मई से 14 जून तक चले इस शिविर में 600 से अधिक बच्चों ने भाग लेकर विभिन्न खेल, सांस्कृतिक और शैक्षणिक गतिविधियों में प्रशिक्षण प्राप्त किया। शिविर का उद्देश्य बच्चों के सर्वांगीण विकास के साथ उनकी प्रतिभा को निखारना था। लगभग डेढ़ माह तक चले शिविर में विशेषज्ञ प्रशिक्षकों ने 16 विभिन्न विधाओं में प्रशिक्षण दिया। खेल गतिविधियों में फुटबॉल, बास्केटबॉल, वॉलीबॉल, कराटे, योगा, टेबल टेनिस, शतरंज और कैरम शामिल रहे, जबकि सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक गतिविधियों में नृत्य, संगीत, अबेकस, स्पोकन इंग्लिश और ड्राइंग-पेंटिंग का प्रशिक्षण दिया गया। समापन समारोह में बच्चों ने भरतनाट्यम, वेस्टर्न डांस, पियानो, गिटार वादन, मार्शल आर्ट और योगा की शानदार प्रस्तुतियां दीं। 16 विधाओं में मिला विशेष प्रशिक्षण शिविर में खेल, सांस्कृतिक और शैक्षणिक क्षेत्रों की 16 गतिविधियों को शामिल किया गया। प्रशिक्षकों ने बच्चों को तकनीकी कौशल के साथ अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास विकसित करने का प्रशिक्षण दिया। प्रतिभागियों को प्रशिक्षण के दौरान आवश्यक खेल सामग्री और अन्य सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गईं। पोषण और स्वास्थ्य का भी रखा गया ध्यान शिविर के दौरान बच्चों को पौष्टिक आहार के रूप में चना-गुड़ उपलब्ध कराया गया। प्रतिभागियों को टी-शर्ट और प्रशिक्षण पूर्ण होने पर प्रमाण-पत्र भी प्रदान किए गए। आयोजकों ने बताया कि बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास को ध्यान में रखते हुए सभी गतिविधियों का संचालन किया गया। - 16 जून 2026