ग्वालियर (ईएमएस)। देश के लाखों मेहनती छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाली भाजपा की केन्द्र सरकार के खिलाफ मप्र कांग्रेस कमेटी के आव्हान पर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुरेन्द्र यादव के निर्देश पर कांग्रेस के छात्र संगठन एनएसयूआई के जिला अध्यक्ष पवन शर्मा एवं जिला प्रभारी अरविंद चौहान के नेतृत्व में एनएसयूआई के कार्यकर्ताओ द्वारा महाराज बाड़े स्थित हेमू कालानी चौक पर भाजपा सरकार का पुतला दहन किया गया। इस अवसर पर एनएसयूआई जिला अध्यक्ष पवन शर्मा ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि, नीट परीक्षा में हुई धांधली ने साबित कर दिया है कि भाजपा सरकार युवाओं और छात्रों के भविष्य की सबसे बड़ी दुश्मन बन चुकी है। करोड़ों छात्रों की मेहनत, सपनों और अभिभावकों की उम्मीदों को भ्रष्टाचार और कुप्रबंधन की भेंट चढ़ा दिया गया। भाजपा सरकार शिक्षा व्यवस्था को लगातार बर्बाद कर रही है और परीक्षा माफियाओं को संरक्षण देने का काम कर रही है। जब देश का युवा रोजगार, शिक्षा और पारदर्शिता की मांग कर रहा है, तब भाजपा सरकार घोटालों और भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने में लगी हुई है। नीट घोटाला केवल परीक्षा में गड़बड़ी नहीं बल्कि देश के युवाओं के भविष्य पर सीधा हमला है। एनएसयूआई इस अन्याय के खिलाफ सड़को पर संघर्ष करेगी और दोषियों को सजा मिलने तक आंदोलन जारी रखेगी। पुतला दहन में मोहित भदोरिया, मयंक शिवहरे, शैंकी राणा, कृश्णा भारद्वाज, अरूण यादव, आंनद गुर्जर, जीमल खांन, मोहन गोयल, अंशुल शर्मा, समीर खान, अजान खान, आशीष तिवारी, संस्कार भटनागर, दिलीप पटेल, सन्नी सक्सेना सहित अनेक कार्यकर्ता शामिल थे।