झगड़े के बाद उठाया आत्मघाती कदम होने की आशंका जबलपुर, (ईएमएस)। सिहोरा थाना क्षेत्र के ग्राम तलाड़ में एक युवक का शव घर के बाहर पेड़ पर फांसी के फंदे से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान संतोष उर्फ मिथुन कोल के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में लोगों की भीड़ जुट गई और मामले को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए शासकीय अस्पताल भिजवाया तथा मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार संतोष उर्फ मिथुन कोल का गांव में किसी व्यक्ति से विवाद हो गया था। विवाद के दौरान उसका भाई संदीप कोल मौके पर पहुंचा और बीच-बचाव कर उसे घर ले आया। बताया जा रहा है कि रात करीब 9 बजे संतोष घर से बाहर निकला और घर के पास स्थित भिलमा के पेड़ पर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सुबह परिजनों और ग्रामीणों ने उसे फंदे पर लटका देखा तो तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस अब मृतक के विवाद से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि उसका झगड़ा किससे और किन कारणों से हुआ था।