:: डीपीएस निपानिया परिसर में दोपहर 2:30 बजे से शुरू होंगे जूनियर वर्ग के मुकाबले :: इंदौर (ईएमएस)। इंदौर जिला बैडमिंटन एसोसिएशन (आईडीबीए) के तत्वावधान में एली स्पोर्ट्स मैनेजमेंट एंड डेवलपमेंट कंपनी द्वारा आयोजित चौथी एचएमजी ट्रॉफी बैडमिंटन टूर्नामेंट बुधवार, 17 जून से शुरू हो रहा है। इस जूनियर प्रतियोगिता को खिलाड़ियों और अभिभावकों का शानदार प्रतिसाद मिला है। विभिन्न आयु वर्गों में अब तक 200 से अधिक प्रविष्टियां प्राप्त हो चुकी हैं। प्रतियोगिता के सभी मुकाबले डीपीएस (दिल्ली पब्लिक स्कूल) निपानिया परिसर स्थित एचएमजी बैडमिंटन अकादमी में खेले जाएंगे। मैच प्रतिदिन दोपहर 2:30 बजे से प्रारंभ होंगे। :: 15 अंकों के बेस्ट ऑफ थ्री प्रारूप में होंगे मैच :: टूर्नामेंट में अंडर-9, अंडर-11, अंडर-13 एवं अंडर-15 आयु वर्ग के बालक-बालिका एकल (सिंगल्स) मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। खेल की गति और रोमांच बढ़ाने के लिए सभी मैच बैडमिंटन वर्ल्ड फेडरेशन और बैडमिंटन एसोसिएशन ऑफ इंडिया के नवीन नियमों के तहत खेले जाएंगे। इसके अनुसार, 15 अंकों के बेस्ट ऑफ 3 गेम्स के आधार पर विजेताओं का फैसला होगा। खिलाड़ियों की भारी संख्या को देखते हुए आयोजकों ने सुव्यवस्थित संचालन की तैयारियां पूरी कर ली हैं। :: उभरती खेल प्रतिभाओं को मिलेगा बड़ा मंच :: आईडीबीए के मानद सचिव आर.पी. सिंह नय्यर ने बताया कि एचएमजी ट्रॉफी का मुख्य उद्देश्य जमीनी स्तर की उभरती प्रतिभाओं को उच्च स्तरीय प्रतिस्पर्धी मंच उपलब्ध कराना है, जिससे ये बच्चे भविष्य में राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर शहर का नाम रोशन कर सकें। वहीं, एली स्पोर्ट्स मैनेजमेंट के संस्थापक रजनीश जैन ने कहा कि लगातार चौथे वर्ष आयोजित हो रही इस स्पर्धा पर खेल प्रेमियों का विश्वास बढ़ा है। उन्होंने इंदौर के नागरिकों से खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने के लिए मैच देखने पहुंचने की अपील की है। प्रकाश/16 जून 2026