कहा - बिजली, खाद एवं अन्य दैनिक आवश्यक वस्तुओं की बढ़ती महंगाई राजनांदगांव (ईएमएस)। जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण के पूर्व अध्यक्ष भागवत साहू ने केंद्र एवं राज्य की भाजपा सरकारों पर जनता के हितों की अनदेखी करने और लगातार महंगाई बढ़ाकर आम लोगों पर आर्थिक बोझ डालने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों से आम जनता, किसान, मजदूर और मध्यमवर्गीय परिवार परेशान हैं। कांग्रेस पार्टी जनता के साथ मिलकर इन जनविरोधी नीतियों के खिलाफ संघर्ष करेगी और आने वाले समय में भाजपा को सत्ता से बेदखल करने का काम करेगी। श्री साहू ने जारी बयान में कहा कि विभिन्न राज्यों के चुनाव संपन्न होने के बाद भाजपा सरकार का रवैया और अधिक निरंकुश हो गया है। सरकार जनता की समस्याओं का समाधान करने के बजाय लगातार महंगाई बढ़ाकर लोगों की परेशानियों में इजाफा कर रही है। पेट्रोल और डीजल की कीमतों में हुई वृद्धि का सीधा असर आम लोगों की जेब पर पड़ रहा है। परिवहन लागत बढ़ने से आवश्यक वस्तुओं के दाम भी लगातार बढ़ रहे हैं जिससे आम परिवारों का घरेलू बजट पूरी तरह बिगड़ गया है। उन्होंने कहा कि हाल के दिनों में बिजली दरों में वृद्धि कर जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाला गया है। पहले से महंगाई की मार झेल रहे लोगों के लिए बिजली, पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतें बड़ी चिंता का विषय बन चुकी हैं। भाजपा सरकार महंगाई नियंत्रित करने में पूरी तरह विफल साबित हुई है जिसका खामियाजा आम नागरिकों को भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने ने किसानों की समस्याओं को लेकर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि खेती-किसानी के लिए आवश्यक खाद की कटौती, कालाबाजारी और समय पर उपलब्धता नहीं होने से किसान वर्ग बेहद परेशान है। खेती की लागत लगातार बढ़ रही है लेकिन किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा है। ऐसे में सरकार की नीतियों के प्रति किसानों में व्यापक नाराजगी देखी जा रही है। श्री साहू ने कहा कि भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के कारण जनता में भारी आक्रोश है। महंगाई, बेरोजगारी और किसानों की समस्याओं को लेकर लोग लगातार परेशान हैं। कांग्रेस पार्टी जनता के मुद्दों को लेकर सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी और आम लोगों की आवाज को बुलंद करेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा जनता के हितों की लड़ाई लड़ती रही है और आगे भी लड़ती रहेगी। महंगाई, किसानों की समस्याओं और जनता पर बढ़ते आर्थिक बोझ के खिलाफ कांग्रेस व्यापक जनआंदोलन चलाएगी। जनता के सहयोग और समर्थन से भाजपा सरकार को लोकतांत्रिक तरीके से सत्ता से बेदखल किया जाएगा। श्री साहू ने दावा किया कि प्रदेश और देश की जनता अब भाजपा सरकार की नीतियों को समझ चुकी है तथा आने वाले समय में इसका जवाब लोकतांत्रिक प्रक्रिया के माध्यम से देगी। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से भी जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को उठाने और सरकार की विफलताओं को उजागर करने का आह्वान किया।