क्षेत्रीय
16-Jun-2026
...


कई प्रकरणों का मौके पर किया निराकरण, अधिकारियों को दिए त्वरित समाधान के निर्देश नर्मदापुरम (ईएमएस)। मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने प्राप्त आवेदनों की समीक्षा करते हुए नागरिकों की समस्याओं का निराकरण किया। जनसुनवाई में पहुंचे आवेदकों की विभिन्न समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए कई मामलों का समाधान मौके पर ही किया गया, जिससे आवेदकों को त्वरित राहत प्राप्त हुई। कलेक्टर श्री मिश्रा ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि नागरिकों की समस्याओं का तत्परता एवं संवेदनशीलता के साथ निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि प्राप्त आवेदनों की गंभीरता पूर्वक जांच कर समय-सीमा में समाधान किया जाए तथा सभी अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि एक सप्ताह के भीतर प्राप्त आवेदनों पर जवाब दर्ज किए जाएं।द जनसुनवाई के दौरान अतिक्रमण, अनुकंपा नियुक्ति, राजस्व, उपार्जन एवं अन्य समस्याओं से संबंधित आवेदन नागरिकों द्वारा प्रस्तुत किए गए। जनसुनवाई में नर्मदापुरम के ग्राम उराड़ी निवासी कृषक श्री हेमराज तंवर ने तकनीकी त्रुटि के कारण गेहूं रिजेक्ट होने एवं भुगतान न मिलने की समस्या कलेक्टर के समक्ष रखी। कलेक्टर ने जिला खाद्य अधिकारी को निर्देशित किया कि तकनीकी त्रुटि में सुधार कर किसान को उपज का भुगतान कराया जाए। माखननगर के ग्राम सांगा खेड़ा कला निवासी श्री पवन सैनी ने कार्य नियोजन के दौरान मशीन पर कार्य करते समय दुर्घटना में घायल होने तथा इलाज संबंधी समस्या का आवेदन प्रस्तुत किया। इस पर कलेक्टर ने श्रम अधिकारी को निर्देश दिए कि नियोजनकर्ता से आवेदक का समुचित इलाज कराया जाए। इसी प्रकार आवेदक श्री राजेश कुमार सागर ने अधिक बिजली बिल आने की शिकायत प्रस्तुत की। कलेक्टर ने डीई एमपीईबी को आवेदन की जांच कर समस्या के निराकरण के निर्देश दिए। इटारसी के ग्राम सोमलवाड़ा कला निवासी आवेदक अंजना सिंह द्वारा शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने एवं अवैध कब्जा मुक्त कराने संबंधी आवेदन प्रस्तुत किया गया। कलेक्टर ने एसडीएम इटारसी को मौके की जांच कर शासकीय भूमि पर अतिक्रमण पाए जाने पर उसे हटाने एवं भूमि को अवैध कब्जे से मुक्त कराने के निर्देश दिए। सिवनी मालवा निवासी श्री चंद्रशेखर रघुवंशी ने भू-अभिलेख दुरुस्ती के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया। कलेक्टर ने तहसीलदार सिवनी मालवा को आवश्यक जांच कर भू-अभिलेख सुधार की कार्यवाही करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई के दौरान जिला पंचायत सीईओ श्री हिमांशु जैन, एडीएम श्री अनिल कुमार जैन, अपर कलेक्टर श्री बृजेंद्र रावत सहित अन्य विभागीय अधिकारियों ने भी नागरिकों की समस्याएं सुनीं। दिव्यांग आवेदक का आवेदन लेने स्वयं पहुंचे कलेक्टर मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई के दौरान कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने संवेदनशीलता एवं मानवीय दृष्टिकोण का परिचय देते हुए एक दिव्यांग नागरिक का आवेदन लेने स्वयं पहुंचकर उसकी समस्या सुनी। जानकारी के अनुसार दिव्यांग आवेदक श्री संजू आवासीय पट्टा प्रदान किए जाने संबंधी आवेदन लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे थे। जनसुनवाई के दौरान कलेक्टर श्री मिश्रा स्वयं उनके पास पहुंचे और आवेदन प्राप्त कर उनकी समस्या को गंभीरता से सुना।