राजनांदगांव (ईएमएस)। रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर राजनांदगांव में आयोजित पत्रकार वार्ता में इसे देश के इतिहास का स्वर्णिम काल बताया। उन्होंने कहा कि यह दौर विश्वास, विकास और जनकल्याण की नई गाथा लिखने वाला रहा है, जिसमें गरीब, किसान, महिला और युवा सभी वर्गों का सशक्तिकरण हुआ है। अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी आज नए भारत, आत्मनिर्भरता और वैश्विक सम्मान के पर्याय बन चुके हैं। उन्होंने बताया कि इन 12 वर्षों में योजनाएं कागजों से निकलकर सीधे जनता के जीवन तक पहुंची हैं, जिससे आम नागरिक के जीवन स्तर में व्यापक सुधार हुआ है। उन्होंने यह भी कहा कि सुशासन, पारदर्शिता और सेवा भाव के कारण जनता का सरकार पर भरोसा लगातार मजबूत हुआ है। उन्होंने विभिन्न योजनाओं का उल्लेख करते हुए बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत 11 करोड़ से अधिक किसानों को आर्थिक सहायता दी जा रही है, जबकि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से लाखों करोड़ रुपये सीधे लोगों के खातों में पहुंचे हैं। इसी के चलते लगभग 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं। स्वास्थ्य, आवास और स्वच्छता के क्षेत्र में उपलब्धियां गिनाते हुए उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत योजना से 60 करोड़ लोगों को स्वास्थ्य सुरक्षा मिली है, 4 करोड़ से अधिक आवास बनाए गए हैं, 11 करोड़ महिलाओं को उज्ज्वला गैस कनेक्शन दिए गए हैं और 12 करोड़ से अधिक शौचालयों का निर्माण हुआ है। जल जीवन मिशन के तहत 16 करोड़ से ज्यादा ग्रामीण परिवारों तक नल से जल पहुंचाया गया है। राष्ट्रीय सुरक्षा पर बोलते हुए अग्रवाल ने कहा कि आज का भारत सर्जिकल और एयर स्ट्राइक के जरिए दुश्मनों को करारा जवाब देने में सक्षम है। वहीं, बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में तेजी से विकास हुआ है, जहां राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण की गति 34 किलोमीटर प्रतिदिन तक पहुंच गई है। छत्तीसगढ़ के संदर्भ में उन्होंने बताया कि राज्य में रेलवे के लगभग 50 हजार करोड़ रुपये और सड़कों के 70 हजार करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट्स पर कार्य चल रहा है। साथ ही, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 24 लाख से अधिक घर बनाए गए हैं और 18 लाख नए आवास स्वीकृत किए गए हैं। अग्रवाल ने कहा कि मोदी सरकार ने जनजातीय क्षेत्रों के विकास को प्राथमिकता देते हुए सड़क, बिजली, पानी और शिक्षा जैसी मूलभूत सुविधाओं का तेजी से विस्तार किया है। उन्होंने यह भी कहा कि कोरोना काल में भारत ने न केवल अपने नागरिकों की रक्षा की, बल्कि वैक्सीन मैत्री के जरिए विश्व की मदद भी की। सत्यप्रकाश/चंद्राकर/16 जून 2026