विभिन्न विभागों द्वारा आमजन को दी गई योजनाओं की जानकारी कटनी, (ईएमएस)। केन्द्र एवं राज्य शासन के माध्यम से संचालित विभिन्न हितग्राही मूलक योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के उद्देश्य से नगर पालिक निगम कटनी द्वारा निगम कार्यालय परिसर में आयोजित तीन दिवसीय जनकल्याण शिविर का द्वितीय दिवस मंगलवार को सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। शिविर के प्रथम एवं द्वितीय दिवस में विभिन्न विभागों द्वारा आमजन को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान करते हुए हितग्राही मूलक योजनाओं के आवेदन प्राप्त किए गए। इन योजनाओं और सेवाओं के लगे स्टॉल जनकल्याण शिविरों में नागरिकों को प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, जन्म, मृत्यु एवं विवाह पंजीयन, ट्रेड लाइसेंस, सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग की योजनाएं, समग्र ई-केवाईसी, खाद्यान्न पात्रता पर्ची, श्रमिक पंजीयन सहित विभिन्न हितग्राही मूलक योजनाओं,अविवादित संपत्तियों के नामांतरण एवं हस्तांतरण, नो-ड्यूज प्रमाण पत्र जारी करने, नवीन नल एवं सीवर कनेक्शन, हैंडपंप एवं ट्यूबवेल सुधार, भवन अनुज्ञा, भवन पूर्णता प्रमाण पत्र, आवासीय भवन निर्माण स्वीकृति, विकास अनुज्ञा अवधि विस्तार तथा फायर एनओसी (अस्थायी एवं नवीनीकरण), निर्माण श्रमिकों का पंजीयन तथा मृत्यु की स्थिति में अनुग्रह सहायता संबंधी स्टॉल लगाए जाकर नागरिकों से आवेदन प्राप्त किए गए। इस दौरान आधार कार्ड संबंधी शिकायतों एवं समस्याओं के निराकरण हेतु आधार काउंटर भी लगाया गया। नगर निगम उपायुक्त श्रीमती प्रियंका झारिया ने जानकारी देते हुए बताया कि शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित हितग्राही मूलक योजनाओं के आवेदन लगातार प्राप्त किए जा रहे हैं। अब तक विभिन्न योजनाओं के प्राप्त आवेदनों को पोर्टल पर दर्ज किया जा रहा हैं। प्राप्त आवेदनों के निराकरण एवं पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ प्रदान करने की कार्यवाही विभागीय स्तर पर जारी है। उन्होंने बताया कि जनकल्याण शिविर के अंतिम दिवस गुरूवार 18 जून को आयोजित शिविर के दौरान भी विभिन्न विभागों द्वारा जनहितकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान की जाकर आवेदनों का पंजीयन किया जाएगा तथा पात्र हितग्राहियों को हितग्राही मूलक योजनाओं से लाभान्वित किया जायेगा। उल्लेखनीय है कि नगर निगम में आयोजित शिविर में बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित होकर विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर रहे हैं एवं योजनाओं का लाभ लेने हेतु आवेदन प्रस्तुत कर रहे हैं। ईएमएस/मोहने/ 16 जून 2026