16-Jun-2026


:: जिंसी से किला मैदान मार्ग पर तोड़फोड़ के कारण यंग इंडिया क्लब ने रद्द किए मुख्य कार्यक्रम; केवल प्रतिमा पर होगा माल्यार्पण :: इंदौर (ईएमएस)। झांसी की रानी महारानी लक्ष्मीबाई का बलिदान दिवस (18 जून) इस बार शहर में केवल औपचारिक रूप से मनाया जाएगा। नगर निगम द्वारा जिंसी चौराहा से किला मैदान तक की जा रही तोड़फोड़ की कार्रवाई के चलते इस वर्ष भव्य आयोजनों को निरस्त करने का निर्णय लिया गया है। यह आयोजन प्रतिवर्ष संस्था यंग इंडिया क्लब की ओर से बड़े पैमाने पर किया जाता रहा है। यंग इंडिया क्लब के अध्यक्ष श्याम अग्रवाल ने बताया कि किला मैदान स्थित महारानी लक्ष्मीबाई के प्रतिमा स्थल पर गुरुवार (18 जून) को प्रातः 9:30 बजे केवल माल्यार्पण का कार्यक्रम रखा गया है। उन्होंने बताया कि हर साल इस अवसर पर आयोजित होने वाले प्रमुख आकर्षण जैसे - मानव श्रृंखला, देशभक्ति के तराने, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों का सम्मान और विभिन्न क्षेत्रों में अनुकरणीय कार्य करने वाले राष्ट्रप्रेमी बंधुओं का नागरिक अभिनंदन समारोह इस बार नहीं हो सकेंगे। अग्रवाल ने क्लब से जुड़े सभी सदस्यों, राष्ट्रप्रेमी नागरिकों और समाजसेवियों से आग्रह किया है कि वे गुरुवार सुबह समय पर किला मैदान स्थित प्रतिमा स्थल पर पहुंचकर महारानी लक्ष्मीबाई के चरणों में श्रद्धा सुमन समर्पित करें। प्रकाश/16 जून 2026