16-Jun-2026


भोपाल (ईएमएस)। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई), भोपाल क्षेत्रीय कार्यालय में एन. एल. येवतकर (मुख्य महाप्रबंधक, तकनीकी) ने क्षेत्रीय अधिकारी (रीजनल आफिसर), भोपाल का पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर एनएचएआई के मुख्य महाप्रबंधक (तकनीकी) एवं निवर्तमान क्षेत्रीय अधिकारी, भोपाल, श्रवण कुमार सिंह (आईइएस) ने उन्हें कार्यभार सौंपा। पदभार ग्रहण समारोह में क्षेत्रीय कार्यालय के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। येवतकर राष्ट्रीय राजमार्ग अवसंरचना क्षेत्र के अनुभवी एवं प्रतिष्ठित अधिकारी हैं। अपने लंबे प्रशासनिक एवं तकनीकी अनुभव के दौरान उन्होंने देश के विभिन्न राज्यों में अनेक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं के सफल क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। मध्य प्रदेश से भी उनका विशेष जुड़ाव रहा है। इससे पूर्व वे मध्य प्रदेश में एनएचएआई की विभिन्न परियोजना कार्यान्वयन इकाइयों में परियोजना निदेशक के रूप में कार्य कर चुके हैं। साथ ही नरसिंहपुर, सागर एवं छिंदवाड़ा सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में महत्वपूर्ण राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का सफलतापूर्वक नेतृत्व कर चुके हैं। इसके अतिरिक्त वे लंबे समय तक नागपुर में परियोजना निदेशक (प्रोजेक्ट डायरेक्टर) के पद पर कार्यरत रहे, जहां उनके नेतृत्व में कई जटिल एवं महत्वाकांक्षी अवसंरचना परियोजनाओं को सफलतापूर्वक पूर्ण किया गया। अपने कार्यकाल के दौरान येवतकर ने पेंच टाइगर रिजर्व जैसे पर्यावरणीय दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण, नागपुर मेट्रो के साथ एकीकृत एशिया के सबसे लंबे मल्टी-लेयर (डबल डेकर) वायाडक्ट के विकास सहित अनेक महत्वपूर्ण परियोजनाओं में उल्लेखनीय योगदान दिया, जिनसे क्षेत्रीय एवं राष्ट्रीय स्तर पर अवसंरचना विकास को नई दिशा मिली। उत्कृष्ट नेतृत्व एवं परियोजना प्रबंधन क्षमता के लिए येवतकर को वर्ष 2019 में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी द्वारा नेशनल हाईवेज एक्सीलेंस अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त वर्ष 2021 में उनके मार्गदर्शन में समयबद्ध एवं उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण की गई अत्याधुनिक छह-लेन राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं के लिए भी उन्हें प्रतिष्ठित उत्कृष्टता सम्मान प्राप्त हुआ। येवतकर इससे पूर्व एनएचएआई के क्षेत्रीय अधिकारी, रांची तथा क्षेत्रीय अधिकारी, पटना के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। इन पदों पर रहते हुए उन्होंने परियोजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, संस्थागत समन्वय तथा क्षेत्रीय स्तर पर राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क के सुदृढ़ीकरण में उल्लेखनीय योगदान दिया। उनके व्यापक अनुभव एवं दूरदर्शी नेतृत्व से मध्य प्रदेश में राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं के विकास, गुणवत्ता एवं समयबद्ध क्रियान्वयन को नई गति मिलने की अपेक्षा है। इस अवसर पर श्रवण कुमार सिंह को उनकी नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दी गईं। सिंह अब एनएचएआई मुख्यालय, नई दिल्ली में केरल डिवीजन की जिम्मेदारी संभालेंगे। भोपाल क्षेत्र में अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने अनेक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, निगरानी एवं समन्वय में उल्लेखनीय योगदान दिया। उनके नेतृत्व में क्षेत्रीय कार्यालय द्वारा कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं में प्रगति सुनिश्चित की गई तथा परियोजनाओं के समयबद्ध निष्पादन को गति मिली। एनएचएआई, भोपाल द्वारा एन. एल. येवतकर का क्षेत्रीय अधिकारी के रूप में स्वागत किया गया। उनके व्यापक अनुभव एवं नेतृत्व में प्रदेश में राष्ट्रीय राजमार्ग अवसंरचना के विकास, परियोजनाओं के गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन तथा समयबद्ध निष्पादन को और अधिक गति मिलने की अपेक्षा है। आशीष पाराशर