16-Jun-2026
...


:: रोमांचक फाइनल मुकाबलों में रिदम गड़िया और रीत इंगले को दी शिकस्त :: इंदौर (ईएमएस)। इंदौर जिला टेबल टेनिस संगठन के तत्वावधान में आयोजित सत्र की द्वितीय इंदौर जिला रैंकिंग टेबल टेनिस स्पर्धा के फाइनल मुकाबले संपन्न हुए। अभय प्रशाल में खेले गए इन मुकाबलों में खिलाड़ियों के बीच जबरदस्त टक्कर देखने को मिली। बालक अंडर-17 आयु वर्ग में मृदुल जोशी और बालिका अंडर-17 वर्ग में हिया पटेल ने अपने-अपने कड़े मुकाबले जीतकर खिताबी सफलता हासिल की। खिताबी मुकाबले में बालक अंडर-17 आयु वर्ग में मृदुल जोशी ने रिदम गड़िया को बेहद कड़े संघर्ष में 3-2 से परास्त कर ट्रॉफी अपने नाम की। वहीं, बालिका अंडर-17 वर्ग के फाइनल में हिया पटेल ने एकतरफा प्रदर्शन करते हुए रीत इंगले को 3-0 से शिकस्त देकर खिताबी जीत दर्ज की। इसके पूर्व खेले गए सेमीफाइनल मुकाबलों में रिदम गड़िया ने साकार भार्गव को 3-0 से, मृदुल जोशी ने मृदुल पुरोहित को 3-0 से, बालिका वर्ग में रीत इंगले ने आरवी जैन को 3-2 से और हिया पटेल ने आन्या त्रिवेदी को 3-0 से हराकर फाइनल का टिकट कटाया था। क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में भी खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। बालक अंडर-17 वर्ग में रिदम गड़िया ने मयंक सादेल को 3-2 से, साकार भार्गव ने राघव राज राठौर को 3-0 से, मृदुल पुरोहित ने अथर्व सिंह को 3-1 से और मृदुल जोशी ने अर्णव शेलगांवकर को 3-0 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई थी। इसी तरह बालक अंडर-19 वर्ग में अबु बक्र ने वंश चौहान को 3-1 से, लक्ष्य ओझा ने रक्षित चावड़ा को 3-1 से, अभि जैन ने मीत मीमरोट को 3-2 से और मृदुल जोशी ने मयंक सादेल को 3-0 से शिकस्त देकर अंतिम चार में प्रवेश किया। बालिका अंडर-19 वर्ग में हिया पटेल ने आरवी जैन को 3-1 से, सौम्या जैन ने नेहल नाहर को 3-0 से, भाग्यश्री दवे ने आन्या त्रिवेदी को 3-0 से और रीत इंगले ने सान्वी सिंघल को 3-1 से परास्त कर सेमीफाइनल में जगह पक्की की। स्पर्धा के अन्य वर्ग के मुकाबलों में भी कड़ा संघर्ष देखने को मिला। पुरुष वर्ग में प्रथम बाथम ने धवल वैद्य को 3-0 से, वंश चौहान ने योगेश कुमावत को 3-2 से, रिदम गड़िया ने नवीन नातू को 3-2 से और मृदुल जोशी ने विनय यादव को 3-1 से हराया। वहीं महिला वर्ग में भूमिका साहुकार ने सान्वी सिंघल को 3-0 से, हिया पटेल ने रीत इंगले को 3-2 से, तन्वी खांडेकर ने सिद्धी भदौरिया को 3-2 से और आरवी जैन ने भव्यांशी सोनी को 3-0 से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया। प्रकाश/16 जून 2026