16-Jun-2026
...


भोपाल (ईएमएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सोमवार को राजाभोज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आयोजित यात्री सुविधा दिवस कार्यक्रम में भोपाल सांसद आलोक शर्मा ने कहा कि भोपाल से देश के विभिन्न शहरों के लिए सीधी हवाई सेवाओं की मांग लगातार बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि भोपाल से पटना और वाराणसी (बनारस) के लिए डायरेक्ट फ्लाइट शुरू कराने के लिए शीघ्र प्रयास किए जाएंगे, ताकि यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी मिल सके। कार्यक्रम के दौरान सांसद शर्मा ने एयरपोर्ट पर यात्रियों के लिए शुरू की गई विभिन्न सुविधाओं का अवलोकन किया। उन्होंने ष्सहज काउंटरष् का उद्घाटन करते हुए कहा कि इस काउंटर से वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों, गर्भवती महिलाओं तथा पहली बार यात्रा करने वालों को डिपार्चर तक निःशुल्क सहायता प्रदान की जाएगी। कार्यक्रम को महापौर मालती राय ने भी संबोधित किया। सांसद आलोक शर्मा ने जनसुविधा केंद्र, वाटर कूलर का शुभारंभ कर कहा कि शीतल पेय और जनसुविधा केंद्र जैसी व्यवस्थाओं से भी यात्रियों को लाभ मिलेगा। यात्री सुविधा दिवस के अवसर पर सांसद शर्मा ने विमानन क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को सम्मानित किया। इसमें एयरपोर्ट प्रबंधन, एयरलाइंस तथा विमानन सेवाओं से जुड़ी महिला एवं पुरुष कर्मचारियों को उनके बेहतर कार्य के लिए सम्मानित किया। स्वच्छता कर्मियों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर सांसद शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में देश के नागरिक उड्डयन क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास हुआ है। वर्ष 2014 में देश में लगभग 74 हवाई अड्डे संचालित थे, जबकि आज यह संख्या बढ़कर 160 से अधिक हो गई है। केंद्र सरकार की नीतियों के कारण हवाई यात्रा आम नागरिकों के लिए अधिक सुलभ और सुविधाजनक बनी है। उन्होंने कहा कि राजाभोज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा भी लगातार विकसित हो रहा है। यहां नए टर्मिनल और यात्री सुविधाओं का विस्तार किया गया है, रनवे का उन्नयन हुआ है तथा एयरपोर्ट अब 24 घंटे संचालित हो रहा है। इसके साथ ही यात्रियों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए निरंतर नई व्यवस्थाएं जोड़ी जा रही हैं। सांसद शर्मा ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से भोपाल एयरपोर्ट को आधुनिक सुविधाओं से युक्त बनाया जा रहा है, जिससे प्रदेश की राजधानी की हवाई कनेक्टिविटी और मजबूत होगी। कार्यक्रम में एयरपोर्ट प्रबंधन, एयरलाइंस प्रतिनिधियों, विमानन क्षेत्र के कर्मचारियों तथा बड़ी संख्या में यात्रियों ने भाग लिया।