16-Jun-2026


अहमदाबाद (ईएमएस)| पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक रामाश्रय पाण्डेय ने आज 16 जून, 2026 को अहमदाबाद स्टेशन पर चल रहे पुनर्विकास कार्यों का जायजा लिया तथा अहमदाबाद-वडनगर रेलखंड का व्यापक संरक्षा निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रेल नेटवर्क के आधुनिकीकरण, आधारभूत संरचना के विकास तथा यात्री सुरक्षा से संबंधित विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की। महाप्रबंधक ने अहमदाबाद स्टेशन पर निर्माणाधीन साउथ ब्लॉक का दौरा कर कार्य प्रगति का निरीक्षण किया। उन्होंने प्लेटफॉर्म संख्या 9 एवं 10 के साथ-साथ बुलेट ट्रेन स्टेशन के नीचे निर्माणाधीन प्लेटफॉर्म संख्या 11 एवं 12 के कार्यों का भी अवलोकन किया। मंडल रेल प्रबंधक, अहमदाबाद (डीआरएम) वेद प्रकाश ने महाप्रबंधक पाण्डेय को अहमदाबाद स्टेशन पर चल रहे पुनर्विकास कार्यों, यात्री सुविधाओं के आधुनिकीकरण एवं आधारभूत संरचना के उन्नयन के संबंध में विस्तार से अवगत कराया। मुख्य परियोजना प्रबंधक (आरएलडीए) संजीव कुमार ने स्टेशन पुनर्विकास परियोजना की मास्टर प्लान, विभिन्न चरणों में किए जा रहे निर्माण कार्यों तथा वर्तमान प्रगति से संबंधित विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने परियोजना के अंतर्गत प्रस्तावित यात्री सुविधाओं, स्टेशन भवन, मल्टी-मॉडल कनेक्टिविटी एवं अन्य अधोसंरचनात्मक विकास कार्यों की जानकारी भी साझा की। महाप्रबंधक ने कार्यों की गुणवत्ता एवं समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए अधिकारियों को परियोजना को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण करने हेतु आवश्यक समन्वय बनाए रखने पर बल दिया। इसके पश्चात श्री पाण्डेय ने अहमदाबाद-वडनगर रेलखंड का विंडो ट्रेलिंग संरक्षा निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने रेलवे ट्रैक, लेवल क्रॉसिंग, पॉइंट्स एवं क्रॉसिंग्स सहित विभिन्न आधारभूत संरचनाओं का विस्तृत अवलोकन किया। उन्होंने रेल पथ की स्थिति, परिचालन दक्षता तथा संरक्षा मानकों का आकलन करते हुए संबंधित अधिकारियों को संरक्षा एवं गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक निर्देश दिए। वडनगर रेलवे स्टेशन पर महाप्रबंधक ने यात्री सुविधाओं एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने स्टेशन के रिले रूम, रूट रिले इंटरलॉकिंग (आरआरआई), मास्टर केबिन, बुकिंग काउंटर, फुट ओवर ब्रिज, प्लेटफॉर्म तथा कैफेटेरिया का बारीकी से निरीक्षण किया। पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रदर्शित करते हुए महाप्रबंधक ने वडनगर स्टेशन परिसर में वृक्षारोपण भी किया। वडनगर रेलवे स्टेशन पर 17 सितंबर 2025 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के 75वें जन्मदिवस के उपलक्ष्य में एक पेड़ माँ के नाम अभियान के अंतर्गत वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। इस अवसर पर स्टेशन परिसर में 75 पौधे लगाए गए थे तथा आज 3 और पौधे लगाए गए। इस निरीक्षण के दौरान अहमदाबाद मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) वेद प्रकाश, रेल भूमि विकास प्राधिकरण (आरएलडीए) के मुख्य परियोजना प्रबंधक संजीव कुमार सहित मुख्यालय एवं मंडल के अन्य वरिष्ठ रेल अधिकारी उपस्थित रहे। सतीश/16 जून