16-Jun-2026


:: भारी वाहनों का रूट डायवर्ट, मोरटक्का में रुकेंगी यात्री बसें; पुलिस ने यात्रियों को जल्दी निकलने की दी सलाह :: इंदौर/ओंकारेश्वर (ईएमएस)। महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू 18 जून को ज्योतिर्लिंग ओंकारेश्वर के दर्शन करने आ रही हैं। राष्ट्रपति के आगमन को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने ओंकारेश्वर आने वाले मार्ग पर यातायात व्यवस्था में व्यापक फेरबदल किया है। यह बदलाव 17 जून से 19 जून (दोपहर 12 बजे तक) प्रभावी रहेगा। :: श्रद्धालुओं के लिए जरूरी जानकारी :: निजी वाहन : इंदौर, खंडवा और मूंदी की ओर से आने वाले छोटे और मध्यम वाहन ट्रेचिंग ग्राउंड और ताम्रकर पार्किंग में ही पार्क होंगे। यहाँ से श्रद्धालुओं को पैदल दर्शन स्थल तक जाना होगा। बस यात्री : इंदौर-खंडवा रूट से आने वाली बसें मोरटक्का में रुकेंगी। वहाँ से जिला प्रशासन की ओर से उपलब्ध लोक परिवहन के माध्यम से श्रद्धालुओं को ओंकारेश्वर पहुँचाया जाएगा। रूट बसें : नियमित बसें सनावद-इन्पुन होते हुए पी-01 पार्किंग तक ही जा सकेंगी। इसके आगे पैदल मार्ग रहेगा। अपील : पुलिस प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे निर्धारित पार्किंग का पालन करें और अपनी यात्रा के लिए घर से पर्याप्त समय लेकर निकलें। :: भारी वाहनों के लिए रूट डायवर्जन का गणित :: प्रशासन ने इंदौर-इच्छापुर मार्ग पर भारी मालवाहक वाहनों के दबाव को कम करने के लिए रूट पूरी तरह बदल दिया है: इंदौर से खंडवा : भारी वाहन तेजाजी नगर, सिमरोल या बड़वाह से मंडलेश्वर-खरगोन-भीकनगांव-देशगांव के रास्ते खंडवा पहुँचेंगे। खंडवा से इंदौर : वाहन भीकनगांव से खरगोन-कसरावद-खलघाट होते हुए इंदौर की ओर प्रस्थान करेंगे। :: 19 जून को सिकलसेल कार्यक्रम :: प्रशासन ने बताया कि 19 जून को होने वाले सिकलसेल कार्यक्रम में शामिल होने वाले अतिथियों के वाहन मोरटक्का होकर थापना में पार्क किए जाएंगे। कार्यक्रम समाप्ति के बाद ओंकारेश्वर से जाने वाले वाहनों को पी-01 पार्किंग, कोठी और इनपुन से होते हुए सनावद की ओर जाने की अनुमति होगी। :: नो व्हीकल जोन की तैयारी :: पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि राष्ट्रपति के गुजरने के दौरान संबंधित मार्गों को सुरक्षा कारणों से कुछ समय के लिए नो व्हीकल जोन रखा जाएगा। इस दौरान यातायात को पूरी तरह रोका जाएगा। गंतव्य तक राष्ट्रपति के पहुँचने के बाद ही यातायात को सामान्य किया जाएगा। प्रकाश/16 जून 2026