राष्ट्रीय
16-Jun-2026


नई दिल्ली (ईएमएस)। फीफा विश्व कप 2026 के दौरान ईरान की फुटबॉल टीम ने अमेरिका और फीफा पर भेदभावपूर्ण व्यवहार का आरोप लगाया है। ईरान के मुख्य कोच आमिर घालेनोई ने न्यूजीलैंड के खिलाफ 2-2 से ड्रॉ मैच के बाद कहा कि उनकी टीम टूर्नामेंट की सबसे ज्यादा उत्पीड़ित टीम है। आमिर घालेनोई ने आरोप लगाया कि मैच समाप्त होने के कुछ घंटों बाद ही उनकी टीम को अमेरिका छोड़कर मैक्सिको स्थित अपने बेस कैंप लौटने के लिए कहा गया। कोच का कहना है कि खिलाड़ियों को रिकवरी और आराम का पर्याप्त समय नहीं दिया गया, जिससे टीम के प्रदर्शन पर असर पड़ सकता है। ईरान की टीम पहले से ही कई चुनौतियों का सामना कर रही है। अमेरिका और ईरान के बीच राजनीतिक तनाव के कारण टीम को अपना प्रशिक्षण शिविर एरिजोना से हटाकर तिजुआना, मैक्सिको में स्थापित करना पड़ा। इसके अलावा टीम के कई सहयोगी स्टाफ सदस्यों को अमेरिकी वीजा भी नहीं मिल सका, जिससे तैयारियों पर असर पड़ा। टीम के स्टार खिलाड़ी मेहदी तारेमी ने भी यात्रा संबंधी परेशानियों और लगातार आवाजाही को आपदा करार देते हुए फीफा से हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों पर मानसिक और शारीरिक दबाव बढ़ रहा है। गौरतलब है कि ईरान ने अपने पहले मुकाबले में न्यूजीलैंड के खिलाफ 2-2 की बराबरी हासिल की, लेकिन मैदान के बाहर पैदा हुए विवाद अब विश्व कप में चर्चा का बड़ा विषय बन गए हैं। सुबोध/१६ -०६-२०२६