राष्ट्रीय
16-Jun-2026


नई दिल्ली (ईएमएस)। देश के सबसे स्वच्छ शहरों में गिने जाने वाले इंदौर में एक बार फिर दूषित पेयजल का मामला सामने आया है। शहर के महावीर नगर क्षेत्र में कई लोगों के अचानक बीमार पड़ने से हड़कंप मच गया। प्रभावित लोगों में उल्टी, दस्त और पेट संबंधी शिकायतें देखी गई हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि सरकारी ट्यूबवेल में सीवेज का पानी मिल जाने से पेयजल दूषित हो गया, जिसके कारण लोग बीमार हुए हैं। सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग और नगर निगम की टीमें मौके पर पहुंचीं। अधिकारियों ने पानी के नमूने जांच के लिए भेज दिए हैं और क्षेत्र में स्वास्थ्य निगरानी बढ़ा दी गई है। प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही बीमारी की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। गौरतलब है कि इंदौर हाल के महीनों में जल प्रदूषण की गंभीर घटनाओं का सामना कर चुका है। भगीरथपुरा क्षेत्र में दूषित पानी के कारण बड़ी संख्या में लोग बीमार पड़े थे और कई मौतें भी हुई थीं। जांच में सीवेज के पेयजल लाइन में मिलने की बात सामने आई थी, जिसके बाद प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठे थे। महावीर नगर की ताजा घटना ने एक बार फिर शहर की जलापूर्ति व्यवस्था और पेयजल सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि जल स्रोतों और पाइपलाइन नेटवर्क की तत्काल जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। सुबोध/१६ -०६-२०२६