राष्ट्रीय
16-Jun-2026


इम्फाल (ईएमएस)। मणिपुर में एक बार फिर तनावपूर्ण स्थिति देखने को मिली है। कांगपोकपी जिले में दो समूहों के बीच हुई गोलीबारी में घायल हुए तीन कुकी युवकों को इलाज के लिए इम्फाल स्थित रीजनल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (आरआईएमएस) अस्पताल लाया गया, जिसके बाद अस्पताल परिसर के बाहर विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया। रिपोर्टों के अनुसार, गोलीबारी की घटना कांगपोकपी जिले के कोंसाखुल और लेइलोन वैफेई क्षेत्रों के बीच हुई। इस घटना में तीन लोग घायल हुए, जिन्हें सुरक्षा व्यवस्था के बीच अस्पताल पहुंचाया गया। उनके अस्पताल पहुंचने के बाद बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी अस्पताल के बाहर जमा हो गए और विरोध जताने लगे। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि घायल व्यक्तियों का संबंध सशस्त्र समूहों से है, जबकि कुकी संगठनों का कहना है कि घायल युवक नागरिक हैं और उन्हें चिकित्सा सुविधा मिलना उनका अधिकार है। स्थिति को देखते हुए अस्पताल परिसर और आसपास के क्षेत्रों में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए। मणिपुर में मई 2023 से मैतेई और कुकी समुदायों के बीच जातीय तनाव बना हुआ है। बीच-बीच में हिंसा और गोलीबारी की घटनाएं सामने आती रही हैं, जिससे राज्य में शांति बहाली की कोशिशों को झटका लगता रहा है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और घटना की जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक सभी कदम उठाए जा रहे हैं। सुबोध/१६ -०६-२०२६