क्षेत्रीय
26-Feb-2024
...


भोपाल(ईएमएस)। पुराने शहर के गौतम नगर थाना इलाके में स्थित आरिफ नगर में एक पुराने मकान की दीवार को तोड़ रहे मजदूर पर दीवार गिर गई। भारी भरकम मलबे में दबने से मजदूर को गंभीर चोट आई थी। उसे इलाज के लिये हॉस्पिटल पहुंचाने के लिये 108 एंबुलेंस को बुलाया गया था। लेकिन एंबुलैस के स्वास्थ्यकर्मी ने प्राथमिक जांच में ही मजदूर को मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पीएम के बाद परिवार वालो को सौंप दिया है। थाना पुलिस ने बताया कि 55 वर्षीय जयवीर सिंह मूल रुप से ग्राम बिलोनी, थाना करेली, तहसील गाडरवाड़ा जिला नरसिंहपुर का रहने वाला था। बीते काफी समय से वह तलैया थाना इलाके के गिन्नौरी में परिवार सहित रह रहा था। पेशे से मेहनत-मजदूरी करने वाले जयवीर के परिवार में पत्नी के अलावा दो बेटे हैं। इन दिनो वह आरिफ नगर नगर में रहने वाले अंसार नामक व्यक्ति के मकान मे काम कर रहे थे। अंसार अपने पुराने मकान में तोड़फोड़ कर उसे नया बना रहे हैं। जयवीर के साथ ही उनके साथी बलराम किरार ने मकान के अंदर की दीवार तोड़ने का ठेका दो हजार रुपए में लिया था। दोनों घन की मदद से दीवार तोड़ने का काम कर रहे थे। मकान की बालकनी में बलराम तोड़फोड़ कर रहा था, जबकि जयवीर सिंह करीब सात फीट उंची दीवार तोड़ रहे थे। इस दीवार के ऊपर लोहे की जाली और उसके ऊपर फिर दीवार थी। इसे गिराने के लिये जयवीर ने पहले दीवार में नीचे बड़ा छेद किया फिर उसके चारो और तोड़फोड़ करनी शुरु कर दी थी। दोपहर करीब साढ़े 12 बजे के आसपास दीवार तोड़ते समय जाली और दीवार का ऊपर का हिस्सा अचानक भरभरा का उसपर गिर गया। दीवार का भारी भरकम मलबा उपर गिरने से वे बेहोश होकर वहीं गिर गए थे। मकान मालिक अंसार ने तत्काल ही मजदूर बलराम के साथ मिलकर मलबा हटाकर जयवीर को बाहर निकालते हुए एंबुलेंस को सूचना दी। मोकै पर पहुंचे एंबुलेंस के स्वास्थ्यकर्मी ने शुरुआती चेकअप के बाद ही उन्हें मृत घोषित कर दिया। मामला कायम कर पुलिस हादसे की जॉच कर रही है। पुलिस का कहना है कि जॉच में यदि किसी की लापरवाही सामने आई तो उसके खिलाफ कार्यवाही की जायेगी। जुनेद / 26 फरवरी