राज्य
28-Mar-2025


नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली पुलिस ने 6 ऐसे बांग्लादेशी घुसपैठियों को गिरफ्तार किया है, जो अपनी पहचान छिपाने के लिए ट्रांसजेंडर बन गए थे। उन्होंने अपना रूप बदलने और स्थानीय ट्रांसजेंडर समुदाय में घुलने-मिलने के लिए हार्मोनल इलाज भी करवाए थे। इसके बावजूद वे पुलिस की नजरों से बच न सके। दिल्ली पुलिस के एक अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि छह संदिग्ध अवैध बांग्लादेशी प्रवासियों को जहांगीरपुरी इलाके से गिरफ्तार किया गया है। ये लोग पहचान से बचने के लिए ट्रांसजेंडर महिलाओं के वेश में थे। अधिकारी ने बताया कि उन्होंने अपना रूप बदलने और स्थानीय ट्रांसजेंडर समुदाय में घुलने-मिलने के लिए छोटी-मोटी सर्जरी और हार्मोनल इलाज भी करवाए थे। पुलिस ने बताया कि वे बांग्लादेश में अपने परिवार से बातचीत करने के लिए प्रतिबंधित एप्लिकेशन का इस्तेमाल करते पाए गए। सभी छह प्रवासियों को निर्वासन कार्यवाही के लिए आर के पुरम स्थित विदेशी क्षेत्रीय पंजीकरण कार्यालय (एफआरआरओ) को सौंप दिया गया है। ये गिरफ्तारियां गुरुवार को कुछ क्षेत्रों में अवैध बांग्लादेशी प्रवासियों को लेकर चलाए गए निगरानी अभियान के दौरान की गईं। पुलिस अधिकारी ने बताया कि एक गुप्त सूचना के आधार पर फॉरेनर्स सेल की एक पुलिस टीम बनाई गई। हमें पता चला कि कुछ अवैध बांग्लादेशी नागरिक अपना रूप बदलकर ट्रांसजेंडर बन गए थे और संदेह से बचने के लिए ट्रैफिक सिग्नल पर भीख मांग रहे थे। गुरुवार को पुलिस को जहांगीरपुरी मेट्रो स्टेशन के पास उनकी मौजूदगी के बारे में जानकारी मिली। उन्होंने बताया कि सभी छह संदिग्धों को वहीं से पकड़ा गया। पकड़े गए बांग्लादेशियों की पहचान मोहम्मद जकारिया मोइना खान (24), सुहाना खान (21), अखी सरकार (22), मोहम्मद बाओइजेद खान (24), मोहम्मद राणा उर्फ लोबली (26) और जॉनी हुसैन (20) के रूप में हुई है। पुलिस ने कहा कि वे बांग्लादेश के बरगुना, गाजीपुर, मदारीपुर, सिराजगंज, पबना और नौगांव जिलों के मूल निवासी हैं। अजीत झा/ देवेन्द्र/ नई दिल्ली /ईएमएस/28/मार्च /2025