क्षेत्रीय
19-Apr-2025
...


जगदलपुर(ईएमएस)। बस्तरवासियों के लिए बड़ी खुशखबरी! वर्षों से लंबित कामानार नाका से दरभा तक सड़क निर्माण की बहुप्रतीक्षित मांग अब पूरी होने जा रही है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं क्षेत्रीय विधायक किरण देव की सतत पहल और दृढ़संकल्प के चलते यह ऐतिहासिक सौगात क्षेत्र को मिली है। अब इस मार्ग का चौड़ीकरण और उन्नयन 36 करोड़ रुपये की लागत से किया जाएगा। कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान से गुजरने के कारण यह परियोजना लंबे समय से अटकी हुई थी। लेकिन विधायक किरण देव ने विधानसभा सत्र में इस विषय को प्रमुखता से उठाया, जिस पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उप मुख्यमंत्री एवं PWD मंत्री अरुण साव और वन मंत्री केदार कश्यप ने त्वरित संज्ञान लेते हुए पर्यावरणीय स्वीकृति समेत सभी बाधाएं दूर कर दीं। विधायक किरण देव ने सरकार की इस पहल के लिए जनता की ओर से हृदय से आभार जताया और कहा, यह सिर्फ एक सड़क नहीं, बल्कि क्षेत्र के विकास की रफ्तार है। पर्यटन, व्यापार और आवागमन सभी को इससे नई दिशा मिलेगी। यह मार्ग न केवल जगदलपुर को दरभा से जोड़ता है, बल्कि सुकमा और तेलंगाना की ओर जाने वाले हजारों यात्रियों की जीवनरेखा भी है। संकरी सड़क और भारी ट्रैफिक के चलते यहां लगातार दुर्घटनाएं और जाम की स्थिति बनी रहती थी। अब चौड़ी और सुव्यवस्थित सड़क से लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। कांगेर घाटी की प्राकृतिक खूबसूरती को निहारने आने वाले देश-विदेश के पर्यटकों के लिए भी यह मार्ग वरदान साबित होगा। अब यह क्षेत्र और अधिक सुलभ और आकर्षक बन सकेगा। विधायक किरण देव ने कहा कि देवतुल्य जनता की मूलभूत सुविधाओं को पूरा करना हमारी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। क्षेत्र में चौमुखी विकास के लिए हम संकल्पबद्ध हैं और यह सड़क निर्माण उसी का प्रमाण है। सरकार की मंजूरी मिलते ही निर्माण एजेंसियों को कार्यादेश जारी किया जाएगा और शीघ्र ही सड़क निर्माण कार्य प्रारंभ होगा। विधायक ने विश्वास जताया कि यह मार्ग न केवल आवागमन को आसान बनाएगा, बल्कि बस्तर के सामाजिक-आर्थिक परिदृश्य को भी सकारात्मक रूप से बदलेगा। ईएमएस(संजय कुमार जैन)19अप्रैल 2025