क्षेत्रीय
01-May-2025
...


वैशाली,(ईएमएस)। बिहार के वैशाली जिले में लालगंज थाना क्षेत्र के रसूलपुर गांव में कर्ज में डूबे एक युवक ने खुदकुशी कर ली। गांव में ही शीशम के पेड़ से लटका युवक का शव मिला। परिजनों को घटना की सूचना मिलते ही घर में कोहराम मच गया। घटनास्थल पर पहुंची लालगंज पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है। मृत युवक रसूलपुर गांव निवासी शत्रुघ्न प्रसाद सिंह का लड़का विवेक कुमार उर्फ मुन्ना सिंह उम्र 31 साल है। मृतक के परिजनों ने बताया कि विवेक 2024 में सीएनजी टेंपो एक निजी फाइनेंस कंपनी से फाइनेंस कराया था और उससे अपना गुजारा करता था। कुछ महीने से वह टेंपो की किस्त नहीं जमाकर पाया था। इसको लेकर फाइनेंसर उस पर लगातार दबाब बना रहा था। इसके साथ ही पैसा नहीं जमा करने पर जेल भेजने की धमकियां भी देते रहता था। कुछ ही दिन पहले ही फाइनेंसर पुलिस को लेकर भी आया था। पुलिस विवेक को समझाकर चली गई। इस बात को लेकर वह टेंशन में था। मंगलवार की रात विवेके ने अपनी मां को कहकर निकला कि तुम खाना खा लेना वह लेट हो जाएगा। हालांकि देर रात तक जब वह घर वापस नहीं आया तो उसके पिता शत्रुघ्न उसे खोजने निकले, लेकिन कुछ पता नहीं चला। बुधवार को एक ग्रामीण ने मृतक के घर से करीब आधा किलोमीटर दूर गाछी में शीशम के पेड़ से विवेक का शव लटका देखा तो इसकी सूचना परिजन को दी। इस संबंध में लालगंज थाना प्रभारी ने बताया कि आत्महत्या का मामला है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। सिराज/ईएमएस 01मई25