क्षेत्रीय
01-May-2025


श्रमिक अपनी कड़ी मेहनत से देश के सपनों को साकार करता है - प्रधान जिला न्यायाधीश श्री आर्य सीहोर, (ईएमएस)। अंतर्राष्ट्रीय श्रम दिवस के अवसर पर बुधनी स्थित ट्राइडेंट फैक्ट्री में श्रमिकों के लिए विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रधान जिला न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री प्रकाश चंद्र आर्य सपत्नीक शामिल हुए। कार्यक्रम में प्रधान जिला न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री प्रकाश चंद्र आर्य ने अंतर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस के बारे में बताते हुए कहा कि श्रमिक कर्मयोगी होता है एवं मेहनत से देश के सपनों को साकार करता है। देश के विकास में श्रमिकों का महत्वपूर्ण योगदान है। आजादी के समय से अभी तक हम सुइ निर्माण से लेकर अंतरिक्ष में पहुंच चुके हैं एवं हर क्षेत्र में विकास कर रहे हैं, यह हमारे कर्मयोगी श्रमिकों की मेहनत का नतीजा है, हम सभी को उनका सम्मान करना चाहिए। उनके बिना किसी भी देश का विकास का सपना साकार करना संभव नहीं है। इस अवसर पर जिला न्यायाधीश श्री वैभव शर्मा कहा कि समय के साथ-साथ श्रमिकों की कार्य करने की स्थितियां एवं शर्तों में सकारात्मक सुधार हुआ है एवं आगे भी यह निरंतर होता रहेगा। हम सदैव श्रमिकों की परेशानियों के निराकरण के लिए तत्पर हैं। कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव श्रीमती स्वप्नश्री सिंह ने बताया गया कि कोई भी औद्योगिक कर्मकार श्रमिकों के विरुद्ध अपराध प्रकोष्ठ एवं निशुल्क विधिक सहायता/सलाह योजना के अंतर्गत कभी भी विधिक सेवा संस्था से निशुल्क विधिक सहायता प्राप्त कर सकता है। इसके साथ ही जिला श्रम पदाधिकारी श्रीमती प्रियंका बंसीवाल ने श्रम विभाग द्वारा श्रमिकों के लिए संचालित की जाने वाली कल्याणकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम में श्रमिकों के अधिकारों, संबंधित विधिक प्रावधानों, श्रमिकों से संबंधित जन कल्याणकारी योजनाओं, निशुल्क विधिक सहायता एवं सलाह, नालसा एवं सालसा की योजनाओं आदि के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। कार्यक्रम में मुख्य न्यायाधीश एवं मजिस्ट्रेट श्रीमती विनीता गुप्ता, न्यायाधीश (वरिष्ठ खंड) श्रीमती सपना शिवहरे, न्यायाधीश (वरिष्ठ खंड) श्रीमती मिताली पाठक, जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री जीशान खान सहित फैक्ट्री के कर्मचारी एवं श्रमिक गण उपस्थित थे। ईएमतएस/ विमल जैन / 01 मई 2025