21-May-2025
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। भारत स्थित अमेरिकी दूतावास ने एक अहम और महत्वपूर्ण चेतावनी दी है। अगर भारत से कोई व्यक्ति अमेरिका जाने का प्लान कर रहे हैं, तब उन्हें नए नियमों को जानना जरुरी है। भारत स्थित अमेरिकी दूतावास और दिल्ली स्थित भारतीय दूतावास दोनों ने साफ किया है। इस महीने में अब तक भारत में अमेरिकी दूतावास द्वारा अवैध आव्रजन के बारे में किया गया यह तीसरा पोस्ट है। यह स्पष्ट नहीं है कि इन विशेष और लगातार चेतावनी संदेशों के पीछे क्या कारण है। अमेरिका में ट्रम्प सरकार के तहत एक नए नीतिगत परिवर्तन के तहत, अमेरिका में 30 दिनों से अधिक समय तक रहने वाले सभी विदेशी नागरिकों को संघीय सरकार के पास पंजीकरण कराना अनिवार्य होगा। ऐसा न करने पर निर्वासन हो सकता है, बल्कि वीजा रद्द होने और अन्य कई परेशानियां भी हो सकती हैं। अमेरिकी दूतावास की ताजा चेतावनी इस प्रकार है कि यदि आप अपनी अधिकृत अवधि से अधिक समय तक अमेरिका में रहते हैं, तब आपको निर्वासित कर सकते है। इतना ही नहीं भविष्य में अमेरिका की यात्रा पर स्थायी प्रतिबंध लग सकता है। इस माह की शुरुआत में भारत स्थित अमेरिकी दूतावास के एक अन्य संबंधित पोस्ट में कहा गया था, अमेरिकी सरकार ने धोखाधड़ी से निपटने और अवैध आव्रजन को समाप्त करने के लिए एक समन्वित अंतर-एजेंसी प्रयास शुरू किया है। वीज़ा धोखाधड़ी के दोषी साबित होने पर अमेरिका में प्रवेश पर स्थायी प्रतिबंध लगा दिया जाएगा। नई वीजा प्रतिबंध नीतियां उन व्यक्तियों और विदेशी सरकारों पर लागू होती हैं जो अवैध आव्रजन को बढ़ावा देते हैं। ये चेतावनी या सलाह उन भारतीय नागरिकों के लिए लागू की गई है जो वर्क वीजा, छात्र वीजा, पर्यटक वीजा पर अमेरिका की यात्रा कर रहे है। इन सभी वीज़ा की अपनी अधिकृत प्रवास अवधि होती है। इस परामर्श का उद्देश्य विभिन्न गैर-आप्रवासी वीज़ा पर अमेरिका आने वाले यात्रियों को यह याद दिलाना है कि वे आव्रजन अधिकारियों द्वारा अमेरिका में प्रवेश के समय दी गई वैधता अवधि का कड़ाई से पालन करें। अमेरिकी दूतावास ने इस बात पर प्रकाश डाला कि थोड़े समय के लिए भी अधिक समय तक रुकने के गंभीर कानूनी परिणाम हो सकते हैं। आशीष/ईएमएस 21 मई 2025