कोरबा (ईएमएस) वन मंडल कोरबा अंतर्गत ग्राम फसरखेत और कुदमुरा रेंज में घूम रहे हाथियों ने 7 किसानों के धान की फसल को चौपट कर दिया। बताया जा रहा हैं की दो दंतैल हाथी भी अलग-अलग घूम रहे हैं। इससे ग्रामीणों में दहशत व्याप्त है। कटघोरा वन मंडल के केंदई रेंज में भी कोरबी और परला में 22 हाथी घूम रहे हैं। फसरखेत रेंज के ग्राम ठाकुरखेता क्षेत्र में 13 हाथियों का झुंड घूम रहा है। यहां हाथियों ने 3 किसानों की फसल को चौपट कर दिया। नाला किनारे पहुंचे हाथी धान की फसल को खा गए। अभी धान में बालियां भी निकल आई है।इससे किसानों को भारी नुकसान हुआ है। इसी कड़ी में कुदमुरा रेंज के ग्राम गीतकुंवारी क्षेत्र में घूम रहे एक दंतैल ने 4 किसानों की फसल को नुकसान पहुंचाया है। ग्राम गिरारी के किसान नाला किनारे धान की फसल लगाते हैं। कुदमुरा रेंज में ही 1 दंतैल हाथी ग्राम गुरमा के आसपास घूम रहा है। वन विभाग ने प्रभावित क्षेत्र में मुनादी कराई है। इधर कटघोरा वन मंडल के केंदई रेंज में भी 22 हाथी हैं। 11 हाथी कोरबी और 11 हाथी परला के आसपास है। डंपिंग क्षेत्र में घूम रहे हाथियों के कारण शाम के समय आवाजाही भी प्रभावित होती है। 21 मई / मित्तल