धार (ईएमएस)। कलेक्टर प्रियंक मिश्रा के निर्देशन में “विकसित कृषि संकल्प अभियान” के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु जिला स्तरीय बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अभिषेक चौधरी ने की। इसमें कृषि, आत्मा, कृषि विज्ञान केन्द्र धार एवं मनावर, सहकारिता, पशुपालन, मत्स्य पालन, डेयरी, कृषि अभियांत्रिकी सहित संबंधित विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया। यह अभियान 29 मई से 12 जून 2025 तक संचालित किया जाएगा, जिसका उद्देश्य किसानों को शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देकर अधिकाधिक लाभांवित करना है। अभियान के अंतर्गत खरीफ मौसम की उन्नत तकनीकों का मार्गदर्शन कृषि वैज्ञानिकों द्वारा किसानों को दिया जाएगा। यात्रा में प्रगतिशील किसान, किसान उत्पादक संगठन तथा ग्रामीण किसान भाग लेंगे। इस अभियान का शुभारंभ जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में होगा।बैठक में 4 जून 2025 को आयोजित होने वाली रबी समीक्षा एवं खरीफ 2025 की तैयारी विषयक कृषि उत्पादन आयुक्त की बैठक की रूपरेखा पर भी चर्चा की गई।साथ ही, राष्ट्रीय प्राकृतिक खेती योजना के अंतर्गत कलेक्टर श्री मिश्रा की अध्यक्षता में गठित समिति की बैठक आयोजित की गई। इसमें प्राकृतिक खेती के उद्देश्य, क्लस्टर निर्माण और निर्धारित लक्ष्यों पर विस्तार से चर्चा की गई।बैठक में उप संचालक कृषि ज्ञानसिंह मोहनिया, कृषि विज्ञान केन्द्र धार के प्रधान वैज्ञानिक डॉ. संदीप चौहान, केवीके मनावर के डॉ. धारवेन्द्र, उपायुक्त सहकारिता सुश्री वर्षा श्रीवास, परियोजना संचालक आत्मा कैलाश मगर, उप संचालक उद्यानिकी मोहन मुजाल्दा, उप संचालक पशुपालन डॉ. मोदी, सहायक संचालक मत्स्य टी.एस. चौहान, कृषि अभियांत्रिकी के अभिषेक अग्रवाल, मंडी सचिव जमरा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। धर्मेन्द्र, 23 मई, 2025