राज्य
24-May-2025


मुंबई, (ईएमएस)। मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे, समृद्धि राजमार्ग और शिवरी-न्हावा शेवा अटल सेतु पर यात्री इलेक्ट्रिक वाहनों को पूर्ण टोल माफी प्रदान की गई। इस संदर्भ में शुक्रवार को राज्य सरकार ने एक आदेश जारी कर दिया है। बता दें कि राज्य सरकार ने इलेक्ट्रिक वाहनों के उपयोग को प्रोत्साहित करने के लिए एक नीति शुरू की है। इस नीति को बीते 29 अप्रैल को कैबिनेट की बैठक में मंजूरी दी गई थी। हालांकि, टोल माफी लागू नहीं की गई क्योंकि इस नीति के बारे में सरकारी निर्णय (जीआर) जारी नहीं किया गया था। अब यह आदेश 24 दिन बाद जारी कर दिया गया है। दरअसल राज्य सरकार इलेक्ट्रिक वाहनों की खरीद के लिए प्रोत्साहन प्रदान करेगी। यह राशि राज्य सरकार द्वारा वाहन निर्माता कम्पनियों को दी जाएगी तथा कम्पनियां वाहन खरीद पर इतनी ही राशि कम वसूलेंगी। इससे पहले घोषणा की गई थी कि राज्य में लोक निर्माण विभाग के अधिकार क्षेत्र में शेष राजकीय मार्गों पर 50 प्रतिशत टोल माफी दी जाएगी। मगर शुक्रवार को जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि इन मार्गों पर इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए टोल माफ करने का निर्णय मुख्य सचिव की अध्यक्षता वाली संचालन समिति द्वारा लिया जाएगा। - इलेक्ट्रिक वाहनों पर प्रति वाहन अधिकतम प्रोत्साहन राशि दोपहिया वाहन 10 हजार रुपया तिपहिया वाहन 30 हजार रुपया तीन पहिया मालवाहक वाहन 30 हजार रुपया चार पहिया वाहन (गैर-परिवहन) 1.50 लाख रुपया चार पहिया वाहन (परिवहन) 2 लाख रुपया चार पहिया हल्के माल वाहन 1 लाख लाख बस (एम3, एम4) (राज्य परिवहन उपक्रम एसटीयू) 20 लाख रुपया बस (एम3, एम4) निजी राज्य/शहरी परिवहन पहल 20 लाख रुपया स्वेता/संतोष झा- २४ मई/२०२५/ईएमएस