क्षेत्रीय
04-Jul-2025


रायपुर(ईएमएस)। नीति आयोग की ताजा रिपोर्ट में छत्तीसगढ़ को गरीबी के मामले में देश में सबसे ऊपर दिखाए जाने को लेकर प्रदेश कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने इस रिपोर्ट को भाजपा सरकार का असली रिपोर्ट कार्ड बताते हुए कहा कि यह रिपोर्ट राज्य सरकार के सुशासन और विकास के दावों की पोल खोलती है। ठाकुर ने दावा किया कि नीति आयोग के अनुसार, प्रदेश में अब 39% से अधिक लोग गरीबी रेखा के नीचे जीवन यापन करने को मजबूर हैं, जो राष्ट्रीय औसत 21% से लगभग दोगुना है। उन्होंने कहा, 17 महीने की भाजपा सरकार ने प्रदेश की अर्थव्यवस्था और सामाजिक सुरक्षा व्यवस्था को बदहाल कर दिया है। यह स्थिति बेहद चिंताजनक है। धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस शासनकाल के दौरान नीति आयोग ने अगस्त 2023 में प्रदेश में गरीबी दर लगभग 10% बताई थी। तब आयोग ने माना था कि कांग्रेस सरकार ने 40 लाख से अधिक लोगों को गरीबी रेखा से बाहर निकालने में सफलता पाई थी। कांग्रेस प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार रोजगार सृजन, स्वास्थ्य सेवाओं, महंगाई नियंत्रण और आमदनी बढ़ाने जैसे अहम मोर्चों पर बुरी तरह असफल रही है। उन्होंने कहा अगस्त 2023 में जहां मात्र 10% लोग गरीबी रेखा के नीचे थे, वहीं अब यह आंकड़ा 39% को पार कर गया है। यह गिरावट भाजपा के कुशासन की साफ तस्वीर पेश करता है। धनंजय ठाकुर ने कहा कि भाजपा सरकार ने अपने एक साल के कार्यकाल पर जो रिपोर्ट कार्ड जारी किया था, वह पूरी तरह झूठ और आंकड़ों की बाजीगरी पर आधारित था। नीति आयोग की रिपोर्ट ने उन दावों की सच्चाई जनता के सामने ला दी है। कांग्रेस ने इस रिपोर्ट के आधार पर राज्य सरकार से जवाबदेही तय करने की मांग की है और कहा है कि यदि जल्द सुधारात्मक कदम नहीं उठाए गए, तो कांग्रेस इस मुद्दे को जनता के बीच प्रमुखता से उठाएगी। सत्यप्रकाश(ईएमएस)04 जुलाई 2025