वाराणसी (ईएमएस)। गंगा में बाढ़ की स्थिति बढ़ते जलस्तर के कारण 35 घाटों का आपसी संपर्क टूट गया है। इस बार पहली बार गंगा में आए बाढ़ के कारण गंगा आरती के स्थलों में तत्काल बदलाव किया गया है तथा शव जलाने वाले स्थलों हरिश्चन्द्र घाट एवं मणिकर्निका घाट पर स्थलों में तत्काल बदलाव कर इसे और ऊपर किया गया है। केंद्रीय जल आयोग की रिपोर्ट बुलेटिन के अनुसार गंगा का जल स्तर 63.36 मीटर दर्ज किया गया है। गंगा प्रति घंटे 2 सेमी के रफ्तार से बढ़ रही है। कल सुबह 8:00 बजे की केंद्रीय जल आयोग के बुलेटिन के अनुसार गंगा का जलस्तर 63.13 था। सुबह 9:00 बजे से 2 सेंटी मीटर प्रति घंटा के दर से बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। दोपहर बाद गंगा के 35 घाटों का आपसी संपर्क टूट गया है, जिससे स्नान, ध्यान, गंगा आरती इत्यादि कार्यक्रमों में बाधा खड़ी हुई है। बाढ़ की स्थिति को देखकर प्रशासन अलर्ट है। घाटों की ओर आगे किसी को जाने की इजाजत नहीं है। जगह - जल पुलिस और गोताखोरो को लगाया गया है। वाराणसी में जमीनी स्तर पर देखा जाय तो सूखा की स्थिति है और धूल उड़ रही है लेकिन मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ राज्यों में भारी बारिश के कारण गंगा में बाढ़ की स्थिति बनी है। वाराणसी में मौसम का यही हाल बना रहा तो सुखाग्रस्त जनपद घोषित करना पड़ेगा। डॉ नरसिंह राम/09/07/2025