छिंदवाड़ा/परासिया जबलपुर (ईएमएस)। पश्चिम वन मंडल परासिया परिक्षेत्र की भोकई बीट में खेत गई महिला पर तेंदुए ने हमला कर दिया। हमले के बाद तेंदुआ ने महिला उसका चेहरा खा गया। घटना बुधवार शाम की बताई जा रही है। इस हादसे के बाद उरधन ग्राम के ग्रामीणों में खास आक्रोश व्याप्त है।घटना की सूचना पर परिक्षेत्र अधिकारी अलका भूरिया, थाना प्रभारी श्रद्धा राजपूत मौके पर पहुंच गई और महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल पहुंचाया। मिली जानकारी के अनुसार परासिया के उरधन निवासी चंपा बाई पति रामनारायण (४५) बुधवार सुबह खेत गई थी शाम को घर लौटते समय एक तेंदुए ने उस पर हमला कर दिया और उसका चेहरा खा लिया। खेत के समीप ही महिला का शव मिला। वहीं विभाग के कर्मचारी वन्य प्राणी के हमले को लेकर साक्ष्य जुटाने में लगे गये है। वन विभाग की अधिकारी ने बताया कि घाव देखने पर तेंदुए के द्वारा हमला करने की पुष्टि हुई है, लेकिन तेंदुए के द्वारा शव को खाया नहीं गया। वही शव को खींचकर तेंदुआ झाड़ी में भी नहीं ले गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से महिला की मौत का खुलासा होगा।वन्य प्राणी के हमले को लेकर 8 लाख की मुआवजा राशि का प्रकरण बनाया जाएगा। गौरतलब है कि चार दिन पहले भी तेंदुए ने जमुनिया पठार में कोठे में बंधी बकरी का शिकार किया था उसके बाद वन विभाग लगातार उसकी मॉनिटिरिंग कर रहा था। उरधन गांव जमुनिया पठार के समीप स्थित है। बहरहाल महिला पर हमले के बाद अब तेंदुए को लेकर और बड़ा खतरा बढ़ गया है। इधर बंद पड़ी फैक्ट्री में नजर आया शावक इधर पांढुर्णा की बंद पड़ी सीएलसी टेक्सटाइल फैक्ट्री में सफाई के दौरान मजदूरों को तेंदुआ का शावक नजर आया खबर मिलते ही वन परिक्षेत्र पांढुर्णा की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। जांच में सामने आया है कि कुछ दिन पहले मजदूरों ने एक मादा तेंदुए को शावक के साथ विचरण करते हुए देखा था। इधर वन परिक्षेत्र अधिकारी प्रभु राम मुछाला ने बताया कि क्षेत्र में गश्त बढ़ाई गई है हालांकि किसी वन्यप्राणी के पगमार्क नही मिले हैं। ईएमएस / 17/07/2025