अंतर्राष्ट्रीय
23-Jul-2025
...


मॉस्को (ईएमएस)। पहले रशियन लोककथाओं में कहा जाता था कि खूबसूरत लड़कियों को भी दूल्हा ढूंढना मुश्किल हो जाता था, लेकिन आज रूस खुद ऐसे संकट का सामना कर रहा है जहां बच्चों को जन्म देने वाली महिलाओं की संख्या में तेजी से गिरावट आ रही है। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने स्वीकार किया है कि अब समाज में वह पहले जैसी स्थिति नहीं रही और जनसंख्या का संतुलन बदल चुका है। रूस की केंद्रीय सांख्यिकी सेवा के ताजा आंकड़े बताते हैं कि 1 जनवरी, 2025 तक देश की कुल अनुमानित जनसंख्या 14 करोड़ 60 लाख के करीब रही, जो पिछले साल की तुलना में 0.08 प्रतिशत कम है। जनसांख्यिकी विशेषज्ञ एलेक्सी रक्शा के अनुसार, साल 2025 के पहले तीन महीनों में केवल 2.94 लाख बच्चों का जन्म हुआ, जो पिछले 225 वर्षों में सबसे कम आंकड़ा है। यह गिरावट फर्टिलिटी रेट में भारी कमी को दर्शाती है, जिससे भविष्य में मृत्यु दर बढ़ने की आशंका है। चीन भी इसी तरह की जनसंख्या समस्या का सामना कर चुका है। हालांकि मास्को, लेनिनग्राद और इंगुशेतिया जैसे कुछ क्षेत्रों में जनसंख्या में हल्की वृद्धि देखी गई है, जिससे सरकार को कुछ उम्मीदें बनी हुई हैं। रूस सरकार प्रजनन दर को बढ़ाने के लिए कई तरह की योजनाएं चला रही है, जिनमें आर्थिक प्रोत्साहन शामिल हैं। सरकार स्कूली छात्राओं को भी मातृत्व के लिए प्रोत्साहित कर रही है। यदि कोई छात्रा 22 सप्ताह की गर्भवती होती है और सरकारी मेटरनिटी क्लिनिक में पंजीकृत है, तो उसे 1 लाख रूबल यानी लगभग 1 लाख रुपये की नकद सहायता दी जाती है।इतना ही नहीं, कुछ इलाकों में बच्चों की संख्या बढ़ाने पर 1.5 लाख से लेकर 10 लाख रूबल तक का पुरस्कार भी घोषित किया गया है। सरकार इन योजनाओं के माध्यम से जन्म दर में गिरावट को रोकने और जनसंख्या संतुलन बनाए रखने की कोशिश कर रही है। सुदामा/ईएमएस 23 जुलाई 2025