क्वेटा,(ईएमएस)। पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में बानो बीबी और अहसान उल्लाह नामक जोड़े की ऑनर किलिंग का एक भयानक मामला सामने आया है। दोनों को इसलिए गोली मार दी गई क्योंकि उन्होंने अपनी मर्जी से शादी की थी, जो कबीलाई परंपराओं के खिलाफ थी। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पाकिस्तान में हड़कंप मच गया और अंतरराष्ट्रीय मीडिया में भी इसकी निंदा की गई। यह घटना मई 2025 में ईद-उल-अज़हा से तीन दिन पहले क्वेटा में हुई थी। वायरल वीडियो में दिख रहा है कि बानो बीबी, सिर पर शॉल ओढ़े और कुरान की एक प्रति लिए, रेगिस्तानी पहाड़ी की ओर बढ़ती हैं। वे स्थानीय ब्राहवी बोली में कहती हैं, “मेरे साथ सात कदम चलो, फिर तुम मुझे गोली मार सकते हो। उनके पीछे चल रहे एक व्यक्ति ने उनकी बात को संकेत मानकर उन्हें कई गोलियां मारीं, जिससे तीसरी गोली लगने पर बानो जमीन पर गिर पड़ीं। इसके बाद अहसान उल्लाह को भी गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया गया। यह सब भीड़ के सामने हुआ, जो तमाशबीन बनी रही। पुलिस ने मामले में 13 लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें कबीले के सरदार शेरबाज सतकजई और बानो का भाई भी शामिल हैं। पुलिस प्रमुख नवेद अख्तर के अनुसार, बानो के भाई ने सरदार सतकजई से शादी की अनुमति न मिलने की शिकायत की थी। इसके बाद कबीलाई जिरगा ने जोड़े को ‘काला-कारी’ (अनैतिक संबंध) का दोषी ठहराकर उनकी हत्या का फरमान जारी किया था। हत्या का वीडियो वायरल होने के बाद, बलूचिस्तान के मुख्यमंत्री सरफराज बुगती ने तत्काल कार्रवाई का आश्वासन दिया। ऑनर किलिंग की स्थिति ह्यूमन राइट्स कमीशन ऑफ पाकिस्तान (एचआरसीपी) के अनुसार, 2024 में कम से कम 405 ‘ऑनर किलिंग’ के मामले दर्ज हुए हैं। हालांकि, कार्यकर्ताओं का मानना है कि वास्तविक संख्या इससे कहीं अधिक है क्योंकि कई मामले सामने नहीं आते। यह घटना बलूचिस्तान में कबीलाई पितृसत्ता और महिलाओं के खिलाफ हिंसा की गहरी जड़ों को उजागर करती है। यह दुखद घटना पाकिस्तान में कानून लागू करने और सामाजिक सुधारों की तत्काल आवश्यकता पर प्रकाश डालती है। आशीष दुबे / 23 जुलाई 2025