राष्ट्रीय
01-Aug-2025


मुंबई (ईएमएस)। मुंबई से कोलकाता जाने वाले इंडिगो के एक विमान में शुक्रवार को एक यात्री ने दूसरे यात्री को थप्पड़ मार दिया। विमान के कोलकाता हवाई अड्डे पर उतरने के बाद आरोपी यात्री को सुरक्षा दल को सौंप दिया गया। यात्री ने दूसरे यात्री को थप्पड़ क्यों मारा, ये जानकारी सामने नहीं आई है। घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो गया, जिसमें अपनी सीट पर बैठे एक यात्री को अचानक एक अन्य यात्री को थप्पड़ मारते हुए देखा जा सकता है। घटना के बाद दूसरा यात्री रोने लगा और उसे मौके से हटा दिया गया। इसके अलावा वीडियो में चालक दल के एक सदस्य को सीट पर बैठे यात्री से ‘ऐसा मत करो कहते हुए सुना जा सकता है, जबकि एक अन्य यात्री को यह पूछते हुए सुना गया कि उसने थप्पड़ क्यों मारा और उसे किसी को मारने का कोई अधिकार नहीं है। एक यात्री को यह भी कहता हुआ सुना गया कि जिस व्यक्ति को मारा गया, उसे घबराहट हो गयी थी। हालांकि, यह तुरंत पता नहीं चल पाया कि घटना किस समय हुई। घटना ‘एयरबस ए321 विमान में हुई। इंडिगो ने एक्स पर ट्वीट कर इस मामले पर कहा, हमें अपनी एक फ्लाइट में हुई मारपीट की घटना की जानकारी है। ऐसा अभद्र व्यवहार पूरी तरह से अस्वीकार्य है और हम अपने यात्रियों और चालक दल की सुरक्षा और गरिमा से समझौता करने वाले किसी भी कृत्य की कड़ी निंदा करते हैं। हमारे चालक दल ने स्थापित मानक संचालन प्रक्रियाओं के अनुसार कार्य किया। संबंधित व्यक्ति की पहचान अभद्र व्यक्ति के रूप में की गई और आगमन पर उसे सुरक्षा अधिकारियों को सौंप दिया गया। सुबोध\०१\०८\२०२५