लखनऊ (ईएमएस)। उत्तर प्रदेश एटीएस ने देश विरोधी गतिविधियों के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। यूपी एटीएस ने बताया कि दोनों आरोपी विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफार्म्स के जरिए कई पाकिस्तानी व्यक्तियों के संपर्क में थे। एटीएस को रिवाइविंग इस्लाम नाम के एक व्हाट्सएप ग्रुप के बारे में पता चला था, जिसके तीन एडमिन सहित करीब 400 पाकिस्तानी सदस्य हैं। पुलिस को इस ग्रुप में उत्तर प्रदेश के एक शख्स के जुड़े होने की जानकारी मिली थी। यूपी एटीएस लगातार ऐसे लोगों और उनकी गतिविधियों पर नजर रखती है। एटीएस को पता चला कि रिवाइविंग इस्लाम नाम के ग्रुप से उत्तर प्रदेश के अजमल अली का मोबाइल नंबर भी जुड़ा हुआ है। अजमल अमरोहा का रहने वाला है। अजमल पर आरोप है कि वो कई सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से राष्ट्रविरोधी और गैर मुस्लिम धर्म के लोगों के खिलाफ विचारधारा का प्रसार कर रहा है। एटीएस ने बताया कि अजमल को पूछताछ के लिए एटीएस हेडक्वार्टर बुलाया गया था। उसने पूछताछ में अपना अपराध कबूल किया। अजमल ने बताया कि वह व्हाट्सएप पर रिवाइविंग इस्लाम ग्रुप के अलावा और भी कई सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर कई पाकिस्तानी व्यक्तियों के संपर्क में था। अजमल ने पूछताछ के दौरान बताया कि वह एक इंस्टाग्राम आईडी से जुड़ा था, जिसे उसामा माज शेख पुत्र माज शेख चलाता है। वह महाराष्ट्र के ठाणे का रहने वाला है। उसामा और अजमल मिल कर देश विरोधी प्रचार किया करते थे। दोनों इंस्टाग्राम और सिग्नल से यह काम कर रहे थे। इनमें भारत विरोधी बातें होती थी। साथ ही भारत की चुनी हुई सरकार को गिराकर शरिया लागू करने की बात भी की जाती थी। दोनों आरोपी भारत में गजवा-ए-हिंद करके शरिया का कानून लागू करना चाहते थे। साथ ही दोनों मुस्लिम नवयुवकों को गैर मुस्लिमों के प्रति भड़काकर उनमें रोष पैदा करते थे, जिससे उन्हें भारत विरोधी और आपराधिक गतिविधियों के लिए प्रेरित किया जाए। सुबोध\०४\०८\२०२५