कर्मश्री की विशाल तिरंगा यात्रा 14 को भोपाल (ईएमएस)। अपने अनूठे और विशाल आयोजनों के लिए प्रसिद्ध हुजूर विधायक रामेश्वर शर्मा की संस्था ‘‘कर्मश्री इस बार भी 14 अगस्त को अखंड भारत के संकल्प और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हर घर तिरंगा अभियान के तारतम्य में भारत की सबसे विशाल तिरंगा यात्रा का आयोजन करने जा रही है। यह यात्रा रूट की दूरी और यात्रा में शामिल होने वाले देशभक्तों की संख्या के आधार पर भारत की विशाल तिरंगा यात्रा होगी। ‘‘कर्मश्री’ संस्था के अध्यक्ष हुजूर विधायक रामेश्वर शर्मा ने इस आयोजन के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से ‘‘कर्मश्री द्वारा पिछले कई वर्षों से यह तिरंगा यात्रा निकाली जा रही है। पहले तिरंगा विशिष्ट व्यक्तियों द्वारा ही फहराया जाता था और सरकारी कार्यालयों की शोभा बढ़ाता था। अब मोदी सरकार ने भारत के आम नागरिक को अपने हाथों में तिरंगा थामने और घरों में तिरंगा फहराने का अधिकार दिया है। यह क्रांतिकारी कदम है। मोदी जी के आहवान पर अब देश भर में शहर, गांव और चौक चौराहों गलियों तक तिरंगा यात्रा का माहौल सा बन गया है। श्री शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में कश्मीर से धारा 370 खत्म हुई और कश्मीर से कन्याकुमारी तक सही मायने में भारत एक हुआ है। अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण हुआ है। भारत सरकार ने आतंकवाद के खिलाफ कठोर नीति अपनाते हुए पाकिस्तान पर हमला कर आतंकियों के ठिकाने नष्ट किए हैं और अपने नागरिकों की रक्षा का संकल्प व्यक्त किया है। इसी तरह से भारत के गृह मंत्री अमित शाह ने 2026 में नक्सलवाद के पूर्णतः सफाए की तारीख तय कर यह बता दिया है कि भारत का नेतृत्व मजबूत हाथों में है जो देश के बाहर हो या अंदर देश के दुश्मनों को कहीं भी बख्शने वाला नहीं है। श्री शर्मा ने कहा कि अपने सशक्त निर्णयों और राष्ट्र हितेषी कार्यों के चलते प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह आधुनिक और सशक्त भारत के निर्माता बन चुके हैं। अतः ‘‘कर्मश्री की इस तिरंगा यात्रा के माध्यम से ऑपरेशन सिंदूर, हर घर तिरंगा अभियान और नक्सलवाद के सफाए की घोषणा पर हर भारतीय को गौरव का संदेश दिया जाएगा। आयोजक विधायक रामेश्वर शर्मा ने बताया कि यात्रा 14 अगस्त को सुबह 10 बजे श्यामा प्रसाद मुखर्जी नगर कोलार सिक्स लेन स्थित मदर टेरेसा स्कूल से आरंभ होगी जो 35 किमी लंबा रूट तय कर भैंसाखेड़ी कृषि उपज मंडी प्रांगण संत हिरदाराम नगर में समाप्त होगी। इस यात्रा में 50 हजार दुपहिया वाहनों पर 1 लाख देशभक्त हाथों मे तिरंगा लेकर शामिल होंगे। यात्रा मार्ग में 1100 से अधिक स्थानों पर स्वागत मंचों पर 5 लाख से अधिक देशभक्त नागरिक तिरंगा यात्रियों का उत्साहवर्द्धन करने के लिए एकत्र होंगे। श्री शर्मा ने बताया कि तिरंगायात्रा के दौरान पूरा भोपाल तिरंगामय नजर आएगा इस हेतु यात्रा मार्ग सहित प्रमुख स्थानों की आकर्षक साजसज्जा कराई जा रही है। मुख्यमंत्री और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भी होंगे शामिल 14 अगस्त को ‘‘कर्मश्री के विराट आयोजन तिरंगा यात्रा में प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल भी शामिल होंगे। आयोजक विधायक रामेश्वर शर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदर टेरेसा स्कूल के सामने स्थित तिरंगा यात्रा आरंभ स्थल से ही यात्रा में शामिल होंगे और तिरंगा यात्रा में शामिल होने वाले देशभक्तों को शुभकामना देंगे। गत वर्ष भी मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव तिरंगा यात्रा मे शामिल हुए थे और आरंभ स्थल से लेकर कोलार तिराहे तक यात्रा में साथ रहे थे। इस बार भी तिरंगा यात्रियों को मुख्यमंत्री और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष की शुभकामनाएं प्रत्यक्ष मिलेगी। 35 किमी लंबा यात्रा का रूट 1100 से अधिक मंचों से होगा स्वागत, पांच लाख लोग जुटेंगे कर्मश्री के तत्वाधान में स्वतंत्रता दिवस के एक दिन पूर्व 14 अगस्त को निकाली जा रही तिरंगा यात्रा प्रातः 10 बजे मदर टेरेसा स्कूल मुखर्जी नगर कोलार से आरंभ होकर बैरागढ़ चिचली कोलार, डी मार्ट चौराहा, ललिता नगर, बीमा कुंज, सर्वधर्म कोलार, चूनाभट्टी, कोलार तिराहा, मैनिट चौराहा, माता मंदिर, अटल पथ चौराहा, नानके तिराहा, रोशनपुरा चौराहा, बाणगंगा, विवेकानंद चौराहा (पॉलिटेक्निक चौराहा), राजा भोज सेतु, वीआईपी रोड, लालघाटी , हलालपुर बस स्टैंड से होते हुए संत हिरदाराम नगर, दीनदयाल उपमंडी भैंसाखेड़ी पहुंचकर संपन्न होगी। यात्रा मार्ग में लगभग 1100 से अधिक स्थानों पर स्थानीय नागरिक बंधुओ सामाजिक, धार्मिक एवं व्यापारिक संगठनों द्वारा बनाए गए स्वागत मंचों पर लगभग 5 लाख नागरिकों के एकत्र होने का अनुमान है। यहा एकत्र होने वाले देशभक्त नागरिकों द्वारा पुष्प वर्षा स्वागत की तैयारियां जा रही है। इस तरह से यात्रा मार्ग में एकत्र लगभग 5 लाख नागरिक तिरंगा यात्रा में शामिल देशभक्तों का उत्साहवर्द्धन करेंगे। यात्रा में भोपाल के विभिन्न क्षेत्रों से कर्मश्री संस्था के कार्यकर्ताओं के साथ अनेक जनप्रतिनिधि, धार्मिक,सामाजिक, व्यापारिक, राजनैतिक संगठनों के प्रतिनिधि एवं अन्य नागरिक बंधु उपस्थित रहेंगे । 50 हजार से अधिक दुपहिया वाहन होंगे शामिल विधायक रामेश्वर शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि कर्मश्री संस्था के तत्वाधान में आयोजित होने वाली विशाल तिरंगा यात्रा में हुजूर विधानसभा सहित भोपाल के विभिन्न क्षेत्रों से लगभग 50 हज़ार से अधिक दो पहिया वाहन सम्मिलित रहेंगे। सभी वाहनों पर तिरंगा लगा होगा और वाहन सवार अपने हाथों में भी तिरंगा थामे रहेंगे। तिरंगा यात्रा में शामिल होकर करें राष्ट्र का गौरव गान : रामेश्वर शर्मा तिरंगा यात्रा के आयोजक विधायक शर्मा ने राष्ट्रवाद से ओतप्रोत इस विशाल आयोजन में भोपाल वासियों को आमंत्रित करते हुए कहा कि यह तिरंगा यात्रा में शामिल होकर राष्ट्र का गौरव गान करने का अवसर है। तिरंगा यात्रा का आयोजन प्रत्येक भारतवासी का आयोजन है । उन्होंने युवाओं एवं बच्चो को इस आयोजन में विशेष रूप से पधारने का आग्रह किया है । विधायक शर्मा ने कहा कि युवा और बच्चे भारत का आने वाला भविष्य है उनके कंधों पर देश की बागडोर आने वाली है तिरंगे के प्रति उनका सम्मान ही भारत को परम वैभव पर ले जाएगा । श्री शर्मा ने राजधानी वासियों से यात्रा में शामिल होने का आग्रह करते हुए कहा कि इस यात्रा में शामिल होने वाला, यात्रा का स्वागत करने वाला हर व्यक्ति राष्ट्र की सेवा कर अपने नागरिक बोध का परिचय भी देगा। अतः भोपाल वासियों का आह्वान करता हूँ कि इस तिरंगा यात्रा में बढ़-चढ़कर भाग लें और अपने राष्ट्र के प्रति अपने दायित्व-अपने उत्साह का प्रदर्शन करें। यात्रा में भाग लेकर हम गौरवशाली राष्ट्र की सेवा का संकल्प लें। अजय सोलंकी, ईएमएस, 12 अगस्त, 2025