खेल
16-Aug-2025


नई दिल्ली,(ईएमएस)। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और मौजूदा कोच गौतम गंभीर इनदिनों चर्चा में हैं। दरअसल गंभीर और धोनी को लंबे समय बाद एक साथ देखा गया है। ये दोनों एक शादी समारोह में पहुंचे थे। यहां दोनों को एक साथ बातचीत करते हुए दिखाई दिए। अब सवाल ये उठता हैं कि आखिर धोनी और गंभीर के साथ दिखने पर इतनी चर्चा क्यों हो रही है। इसके पीछे की वजह है गंभीर के बेबाक बयान जो उन्होंने धोनी को लेकर दिए हैं। बता दें कि गंभीर ने धोनी की कप्तानी में टी20 विश्व कप 2007 और वनडे विश्व कप 2011 में टीम इंडिया को चैंपियन बनाने में सबसे अहम भूमिका निभाई थी, लेकिन उन्हें कभी क्रेडिट नहीं दिया गया। इसकारण जब भी इन दोनों विश्व कप को लेकर गंभीर के सामने धोनी की चर्चा हुई, तब उन्होंने दो टूक कहा कि धोनी ने अकेले चैंपियन नहीं बनाया। उनके पीछे पूरी टीम थी। हालांकि, धोनी ने कभी गंभीर के बयानों का जवाब नहीं दिया। गौतम और धोनी गुजरात के गृह मंत्री हर्ष सांघवी के भाई की शादी के फंक्शन में पहुंचे थे। धोनी के साथ उनकी वाइफ साक्षी भी थीं। धोनी और गंभीर को एक साथ दोस्ताना अंदाज में बात करते हुए देखा गया। धोनी के अलावा फंक्शन में वनडे टीम के कप्तान रोहित शर्मा, तिलक वर्मा और पूर्व ऑफ स्पिनर हरभजन सिंह भी नजर आए। भारतीय टीम के पूर्व विकेटकीपर पार्थिव पटेल ने भी इस कार्यक्रम में आए थे। धोनी और गंभीर में रहा है कोल्ड वॉर इसमें कोई दो राय नहीं है कि गंभीर ने कई बार सार्वजनिक तौर पर धोनी को लेकर बेबाकी से बयान दिया है। धोनी की कप्तानी में ही गौतम टीम इंडिया से ड्रॉप भी हुए थे। तब कहा जाने लगा कि दोनों के बीच कोल्ड वॉर है, लेकिन जिस तरह से ये दोनों शादी के कार्यक्रम में मिले उससे साफ पता चलता है कि इन दोनों भारतीय दिग्गज के मन में एक-दूसरे के लिए कुछ भी नहीं है। आशीष दुबे / 16 अगस्त 2025