क्षेत्रीय
17-Aug-2025
...


- अचानक फायर होने से दो नाबालिग बेटे घायल - पत्नी की शिकायत पर केस दर्ज भोपाल(ईएमएस)। गुनगा थाना इलाके में रहने वाले एक किसान से सफाई करने के दौरान 315 बोर बंदूक चल गई, जिससे गोली कमरे के दरवाजे को आरपार करते हुए दीवार से टकराई और उसके छर्रे उनके दो नाबालिग बेटों के पैर में लग गए। जिससे दोनों गंभीर रुप से घायल हो गए, उनका अस्पताल में इलाज जारी है। मामले में पिता की बड़ी लापरवाही सामने आई है, वह कारतूस लोड कर बंदूक की सफाई कर रहा था। घटना में पुलिस ने पत्नी की शिकायत पर पति के खिलाफ लापरवाही का केस दर्ज कर लिया है। घटना 14 अगस्त की रात 11 बजे की है। पुलिस के अनुसार कोटरा चौपड़ा मे रहने वाले संतोष सिंह जाट पेशे से खेती-किसानी करते हैं। उनकी पत्नी रचना जाट ने पुलिस को बताया कि वह गृहणी है, और उनके दो बेटे आदित्य जाट (16) और कार्तिक जाट (13) है। बीती 14 अगस्त की रात करीब 11 बजे वह अपने दोनों बच्चों के साथ अपने कमरे में सो रही थीं। इस दौरान पति संतोष सिंह बाहर बैठकर अपनी 315 बोर की लाइसेंसी बंदूक की सफाई कर रहे थे। सफाई के दौरान अचानक बंदूक से गोली चल गई। घर के दरवाजे में छेद करती हुई गोली अंदर कमरे की दीवार से टकराई, जिससे गोली के छर्रे बिस्तर पर सो रहे आदित्य सिंह और कार्तिक जा लगे। दोनों गंभीर रुप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिये पीरगेट स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहॉ उनका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों का कहना है, कि गन पाउडर की वजह से इंफेक्शन कभी भी तेजी से फैल सकता है, इसलिए उन्हें आब्जर्वेशन में रखा गया है। थाना पुलिस का कहना है कि जिस दरवाजे से गोली आरपार हुई है, वह साधारण प्लाईवुड का था। यदि दरवाजा बंद नहीं होता और छर्रे सीधे लगने से बड़ी घटना हो सकती थी। पुलिस ने घायल बच्चों की मां की शिकायत पर पति संतोष सिंह जाट के खिलाफ लापरवाही बरतने से गोली चलने की धाराओं के तहत केस दर्ज करते हुए बंदूक जब्त कर ली गई है। जॉच टीम का कहना है की मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर प्रकरण में धाराओं में इजाफा किया जा सकता है। जुनेद / 17 अगस्त