राज्य
नीमच (ईएमएस)। मध्यप्रदेश के नीमच जिले की मनासा तहसील से जातिगत भेदभाव का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। गुरुवार सुबह पिपलिया रुंडी गांव की एक दलित महिला को सरकारी हैंडपंप से पानी भरने से रोक दिया गया। पीड़िता का आरोप है कि जब वह पानी भरने पहुंची, तो रायसिंह की पत्नी ने उसके बर्तन फेंक दिए। इसके बाद रायसिंह, हजारी, बन्ने सिंह और विजय सिंह ने महिला को रास्ते में रोक लिया और जातिसूचक टिप्पणी करते हुए कहा कि वह नीची जात की है, इसलिए इस हैंडपंप से पानी नहीं भर सकती। महिला ने जब इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। ग्रामीणों में इस घटना को लेकर आक्रोश है।