ज़रा हटके
31-Aug-2025
...


- पहले बस्तियां किस तरह बनीं और वे किस माहौल में रहते थे इसका लगेगा पता त्बिलिसी,(ईएमएस)। जॉर्जिया के ओरोज़मानी इलाके में पुरातत्वविदों को खुदाई के दौरान करीब 18 लाख साल पुराना इंसान का जबड़ा मिला है। माना जा रहा है कि यह शुरुआती प्रजाति होमो इरेक्टस का हिस्सा है। विशेषज्ञों का मानना है कि यह खोज अफ्रीका के बाहर इंसानों के शुरुआती जीवन और उनके प्रवास को समझने की दिशा में अहम है। ओरोज़मानी का खुदाई स्थल आकार में भले ही छोटा है, लेकिन महत्व में यह बेहद बड़ा साबित हो रहा है। यह जगह दो कार पार्क करने जितनी ही है, लेकिन अब तक अफ्रीका के बाहर इंसानों के सबसे पुराने अवशेष यहीं से मिले हैं। शोधकर्ताओं का कहना है कि यह क्षेत्र बताएगा कि इंसान पहली बार यूरोप और एशिया में कैसे पहुंचे और वहां उनकी जीवनशैली कैसी रही होगी। पुरातत्व के प्रोफेसर का कहना है कि ओरोज़मानी से मिले शुरुआती इंसानी और जानवरों के जीवाश्म यह समझने में मदद करेंगे कि यूरेशिया में इंसानों की पहली बस्तियां किस तरह बनीं और वे किस माहौल में रहते थे। इससे पहले भी इस क्षेत्र में कई खोजें हो चुकी हैं। 2022 में यहां इंसान का एक दांत मिला था, जबकि पास के डमनीसी गांव से पहले ही 18 लाख साल पुरानी खोपड़ियां मिली है। ताज़ा खोज इस इलाके की ऐतिहासिक अहमियत को और गहरा करती है। इस बार इंसानी जबड़े के साथ पुरातत्वविदों को कई जानवरों के जीवाश्म भी मिले हैं, जिनमें सैबर-टूथ टाइगर, हाथी, भेड़िया, हिरण और जिराफ शामिल हैं। इसके अलावा पत्थर के औजार भी खोजे गए हैं, जिससे पता चलता है कि शुरुआती इंसान शिकार कैसे करते थे और उनकी खानपान की आदतें कैसी थीं। ओरोज़मानी की खुदाई हर साल कुछ नया सामने ला रही हैं। एक अमेरिकी शोधार्थी ने बताया कि उन्होंने खुदाई के सिर्फ दूसरे दिन में ही एक छोटी टखने की हड्डी खोजी थी। उनका कहना है कि यहां ज़मीन को हल्का-सा खोदते ही इतिहास की नई परतें सामने आ जाती हैं। इस खोज से वैज्ञानिकों को उम्मीद है कि अफ्रीका छोड़कर बाहर निकले इंसानों की कहानी और साफ होगी वे किन हालात में रहते थे, कैसे नए इलाकों में पहुंचे और किस तरह वहां अपनी बस्तियां बसाईं। सिराज/ईएमएस 31 अगस्त 2025