व्यापार
03-Sep-2025
...


- टैक्स स्लैब में बड़े बदलाव की तैयारी, सस्ते होंगे कई सामान नई ‎दिल्ली (ईएमएस)। जीएसटी काउंसिल की दो दिवसीय बैठक बुधवार 3 सितंबर से शुरू हो चुकी है, जिसमें जीएसटी संरचना को सरल बनाने पर अहम चर्चा हो रही है। बैठक में 12 फीसदी और 28 फीसदी वाले टैक्स स्लैब हटाने और अधिकतर वस्तुओं को 5 फीसदी और 18 फीसदी स्लैब में लाने का प्रस्ताव है। माना जा रहा है कि करीब 99 फीसदी वस्तुएं जो अभी 12 फीसदी स्लैब में हैं, उन्हें 5 फीसदी स्लैब में लाया जा सकता है। वहीं, 28 फीसदी टैक्स वाले करीब 90 फीसदी सामान को 18 फीसदी स्लैब में लाने पर विचार हो रहा है। अगर यह प्रस्ताव मंजूर होता है, तो प्रोसेस्ड फूड, रेडीमेड कपड़े, घरेलू उपकरण, इलेक्ट्रॉनिक्स, टू-व्हीलर, कारें, सीमेंट और पेंट जैसी चीजें सस्ती हो जाएंगी। इससे उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी और उद्योगों को बिक्री बढ़ाने का मौका मिलेगा। सरकार का मानना है कि इससे घरेलू उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा, उत्पादन बढ़ेगा और रोजगार के अवसर भी बनेंगे। यह कदम प्रधानमंत्री मोदी के मेक इन इंडिया और लोकल फॉर वोकल विज़न को मजबूत करेगा। काउंसिल की सिफारिशों पर अंतिम फैसला जल्द लिया जा सकता है। सतीश मोरे/03‎सितंबर ---