- राहुल गांधी ने पीएम मोदी से किया बारिश व बाढ़ पीड़ितों की मदद का आग्रह नई दिल्ली,(ईएमएस)। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने बुधवार को पीएम मोदी से लगातार बारिश से विनाशकारी तबाही झेल रहे राज्यों के लिए विशेष राहत पैकेज की घोषणा करने का आग्रह किया। राहुल गांधी ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि पंजाब, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड में बाढ़ की स्थिति बेहद चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि ऐसे कठिन समय में आपका ध्यान और केंद्र सरकार की सक्रिय मदद बेहद ज़रूरी है। हजारों परिवार अपने घरों, जान और प्रियजनों को बचाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। राहुल गांधी ने आगे कहा कि मैं आग्रह करता हूं कि इन राज्यों, खासकर किसानों के लिए एक विशेष राहत पैकेज की तत्काल घोषणा की जाए और राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाई जाए। इस बीच, कई भारतीय राज्यों में भारी बारिश के बीच, भारत मौसम विज्ञान विभाग ने जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, उत्तरी पंजाब, उत्तरी हरियाणा, पूर्वी राजस्थान, दक्षिण-पश्चिम यूपी, उत्तर-पश्चिम और पूर्वी मध्य प्रदेश और ओडिशा के कई जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। आईएमडी के मुताबिक जम्मू और कश्मीर में रेड अलर्ट वाले जिलों में पुंछ, मीरपुर, राजौरी, रियासी, जम्मू, रामबन, उधमपुर, सांबा, कठुआ, डोडा और किश्तवाड़ शामिल हैं। पंजाब में, कपूरथला, जालंधर, नवाशहर, रूपनगर, मोगा, लुधियाना, बरनाला और संगरूर रेड अलर्ट पर हैं, जबकि हिमाचल प्रदेश में, मंडी, ऊना, बिलासपुर, सिरमौर और सोलन इसी तरह की चेतावनी के तहत हैं। हरियाणा के यमुनानगर, अंबाला, कुरुक्षेत्र, पंचकूला और एसएएस नगर के लिए भी चेतावनी जारी की है। बुधवार सुबह 5:30 बजे जम्मू और कश्मीर के कई क्षेत्रों में अच्छी बारिश हुई। सबसे ज्यादा 203 मिमी बारिश रियासी में दर्ज की गई जम्मू शहर में 81 मिमी बारिश हुई, जबकि बनिहाल 95, रामबन 82, कोकरनाग 68.2 और पहलगाम 55 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा इसी अवधि में श्रीनगर 32 मिमी, सांबा 48, किश्तवाड़ 50, राजौरी 57.4, और काजीगुंड 68 मिमी बारिश दर्ज की गई। सिराज/ईएमएस 03सितंबर25