क्षेत्रीय
08-Sep-2025
...


खैरागढ़(ईएमएस)। गणेश विसर्जन के दौरान जश्न की जगह खौफ और मातम फैल गया। जिले में दो अलग-अलग जगहों पर हुए खूनी संघर्ष ने इलाके का माहौल दहला दिया। एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरे युवक को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने दोनों मामलों में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पहली घटना खैरागढ़ नगर की है। दाऊचौरा विसर्जन स्थल के पास सांस्कृतिक भवन के पास गणेश विसर्जन जुलूस के दौरान विवाद इतना बढ़ गया कि यह खूनी संघर्ष में बदल गया। इस दौरान दीपक यादव (21 वर्ष), निवासी दाऊचौरा, पर चाकू से कमर और हाथ में ताबड़तोड़ वार किए गए। लहूलुहान हालत में उसे तत्काल सिविल अस्पताल खैरागढ़ लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया, वहीं आरोपी युवक फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। दूसरी घटना छुईखदान थाना क्षेत्र के ग्राम विचारपुर में हुई। यहां पुरानी रंजिश के चलते गणेश विसर्जन के बाद लेखराम महार (40 वर्ष) पर गांव के ही पिताम्बर जंघेल (30 वर्ष) ने रास्ते में पत्थर से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल लेखराम किसी तरह घर पहुंचे और परिजनों को सूचना दी। उन्हें तुरंत सरकारी अस्पताल छुईखदान में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। दोनों घटनाओं ने विसर्जन के उल्लास को मातम में बदल दिया और पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)08 सितंबर 2025