चंडीगढ़ (ईएमएस)। पंजाब में आई भीषण बाढ़ से जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। लोगों को जान बचाने के लिए अपने घरों को छोड़कर जाना पड़ा है। बाढ़ से फसल भी बर्बाद हो गयी है। इसी को देखते हुए अब कई हस्तियां बाढ़ पीड़ितों की सहायता के लिए सामने आयी हैं। पूर्व क्रिकेटर और राज्यसभा सांसद हरभजन सिंह ने भी बाढ़ प्रभावित इलाकों के लिए सभी से सहायता की अपील की है। उन्होंने राहत कार्य शुरू करते हुए नावें और एम्बुलेंस लगायी हैं। इसके अलावा वह राहत राशि भी एकत्र कर रहे हैं। अभी तक तकरीबन 50 लाख रुपये की राशि से प्रभावितों की मदद की गयी है। हरभजन ने सांसद निधि कोष से उन्होंने राहत कार्यों के लिए आठ स्टीमर नावें स्वीकृत करने के साथ अपने संसाधनों से तीन और नावें दी हैं। इस प्रकार हरभजन ने कुल 11 स्टीमर नावें दान की हैं। इसमें आठ अपनी सांसद निधि से और तीन अपने पैसे से उपलब्ध करायी हैं। हर नाव की कीमत तकरीबन 4.5 से 5.5 लाख रुपये है। उन्होंने गंभीर रूप से बीमार लोगों को पास के अस्पतालों में पहुंचाने के लिए तीन एम्बुलेंस भी खरीदी हैं। पंजाब में पिछले कुछ हफ्तों से भारी बारिश और नदी के तटबंधों में दरार के कारण बाढ़ आई है। इससे बड़े पैमाने पर लोगों को अपने धर छोड़ने पड़े हैं। हरभजन की अपील पर एक खेल संगठन ने 30 लाख रु का दान दिया है जबकि उनके करीबी दोस्तों ने 12 लाख रु और छह लाख रु का योगदान दिया है। राहत राशि से दवा और खाना पहुंचाया जा रहा है। गिरजा/ईएमएस 08 सितंबर 2025