शाहजहांपुर (ईएमएस)। यूपी के शाहजहांपुर जिले के कलान थाना क्षेत्र में नल ठीक करते समय सरिया हाईटेंशन लाइन में छूने से दो लोग बुरी तरह से झुलस गए। उन्हें लेकर परिजन बदायूं के उसावां गए, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। जानकारी के मुताबिक कलान थाना क्षेत्र के गांव बाराखुर्द निवासी कमल देव सिंह (38) बीती शाम को गांव तिलौआ में अपने खेत की रखवाली करने गए थे। उनका वहां ट्यूबवेल है। वह वहीं रात में सोते थे। शाम को तिलौआ निवासी सत्यवीर (36) ने अपना नल सही करने की बात कमलदेव से कही थी। सोमवार सुबह छह बजे कमल देव गांव तिलौआ पहुंचे। यहां उन्होंने अपनी साइकिल खड़ी कर दी। सत्यवीर के दरवाजे के सामने रोड किनारे नल लगा है। सत्यवीर ने कमलदेव से नल की सरिया खिंचवाने को कहा। दोनों मिलकर नल की सरिया खींचने लगे। सरिया की लंबाई अधिक होने के कारण सरिया ऊपर से गुजर रही 11 केवी की हाईटेंशन लाइन में टच हो गई, जिससे सरिया में करंट आ गया। दोनों बुरी तरह झुलस गए। घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। परिजन दोनों को लेकर बदायूं के उसावां के स्वास्थ्य केंद्र में पहुंचे। यहां पर डॉक्टर ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिए। जितेन्द्र 08 सितम्बर 2025