भोपाल। सुपोषण सप्ताह के अंतर्गत भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी मध्यप्रदेश राज्य शाखा द्वारा शुक्रवार को राजधानी भोपाल स्थित शासकीय सरोजिनी नायडू कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, शिवाजी नगर की छात्राओं एवं सेवा विद्या मंदिर सुभाष मंडल की बस्ती की महिलाओं (दीदियों) के लिए सुपोषण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सेवा भारती स्वास्थ्य आयाम से जुड़े डॉ. राम अवतार यादव ने उपस्थित छात्राओं और महिलाओं को संतुलित आहार, पोषण के महत्व, आयरन व कैल्शियम की आवश्यकता एवं एनीमिया जैसी समस्याओं की रोकथाम के उपायों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किस प्रकार सही आहार और नियमित खानपान से महिलाओं व किशोरियों का स्वास्थ्य बेहतर हो सकता है। इस अवसर पर पूर्व जिला न्यायाधीश शिव मंगल सिंह सेंगर, भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी के डॉ. सत्येंद्र सिंह बघेल और जूनियर रेडक्रॉस के प्रदेश समन्वयक दिनेश आर्य विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंतर्गत भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी मध्यप्रदेश राज्य शाखा द्वारा छात्राओं और बस्ती की महिलाओं को स्वच्छता किट वितरित की गई, जिसमें आवश्यक स्वच्छता सामग्री सम्मिलित थी। वहीं, सेवा भारती संस्था द्वारा आयरन कैल्शियम सिरप और प्रोटीन पाउडर का भी वितरण किया गया, जिससे महिलाओं व किशोरियों में कुपोषण को कम किया जा सके। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज के विभिन्न वर्गों में पोषण के प्रति जागरूकता फैलाना और स्वच्छ व स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना था। धर्मेंद्र, १२ सितम्बर, २०२५