राष्ट्रीय
14-Sep-2025


भुवनेश्वर (ईएमएस)। पुरी समुद्र तट पर हादसों का सिलसिला जारी है। रविवार को फिर सेक्टर-9 के पास स्नान कर रहे पर्यटक समुद्र की लहरों में बह गए। जानकारी के मुताबिक बालेश्वर क्षेत्र निवासी पुरुषोत्तम जेना अपने दोस्तों के साथ पुरी घूमने आए थे। सभी लोग समुद्र तट पर स्नान का आनंद ले रहे थे, तभी अचानक तेज रिप करंट की चपेट में आकर पुरुषोत्तम बह गए। घटना की सूचना मिलते ही मौजूद लाइफगार्ड दल सक्रिय हुआ और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद पर्यटक को बाहर निकलकर प्राथमिक उपचार दिया गया। गनीमत रही कि समय रहते बचाव हो गया, वरना बड़ी अनहोनी हो सकती थी। इसी सेक्टर में शनिवार को भी बड़ा हादसा टल गया था। तब पांच पर्यटक रिप करंट में बह गए थे। इसमें संबलपुर के सोहन भोई, ओम मुंडा, सौरभ बेहरा, केंद्रापड़ा के अंशुमान महांति और भद्रक निवासी आशीष कुमार नायक शामिल थे। सतर्क लाइफगार्ड ने सभी को सुरक्षित बाहर निकलकर तत्काल प्राथमिक उपचार दिया। लाइफगार्ड टीम के अनुसार, समुद्र तट पर बढ़ती भीड़ और पर्यटकों की लापरवाही हादसों की बड़ी वजह है। चेतावनी बोर्ड और लाल झंडे लगाने के बावजूद कई लोग गहरे पानी में चले जाते हैं। कई पर्यटक नशे की हालत में भी समुद्र में उतरते हैं, जिससे हादसों की आशंका और बढ़ जाती है। आशीष दुबे / 14 सिंतबर 2025