कई दिन बाद वापस लौटने पर हुआ बदमाशो के कारनामें का खुलासा भोपाल(ईएमएस)। बागसेवनिया थाना इलाके में पूर्व मंत्री राजकुमार पटेल के सूने मकान पर बदमाशों ने धावा बोलकर दो लायसेंसी रिवाल्वर समेत करीब 50 लाख रुपए का माल उड़ा दिया। पुलिस ने जॉच के बाद अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। थाना पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मकान नंबर 15 सी सेक्टर विद्या नगर में रहने वाले राजकुमार पटेल (62) कांग्रेस शासन में शिक्षा मंत्री रहे हैं। वह मूल रूप से बकतरा के रहने वाले हैं। कुछ समय पहले उनकी माता का देहांत हो गया था। इसलिए वह बीती 12 सितंबर से बकतरा में थे, इस बीच उनका घर सूना था। बीती रात वह वापस विद्या नगर अपने घर लौटे तो देखा कि गेट के ताले टूटे पड़े हुए हैं। अंदर जाकर देखने पर पता चला की कमरो में रखी अलमारी के लॉकर भी टूटे पड़े हैं। और अलमारी में रखी हुई दो लायसेंसी रिवाल्वर, कीरब 50 तोला सोना, दो किलो चांदी और दो से तीन लाख की नकदी गायब हैं। चोरी की जानकारी मिलते ही मौके पर पुलिस के अधिकारी भी पहुंच गए थे। एफएसएल टीम के साथ पुलिस ने घटनास्थल की बारीकी से पड़ताल कर अहम सुराग जुटाए। लेकिन फिलहाल आरोपियो का कोई ठोस सुराग पुलिस के हाथ नहीं लग सका है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है, कि बदमाश घर के भीतर कहां से दाखिल हुए थे। आंशका है की कांग्रेस नेता का मकान कॉर्नर का है, जिसके चलते पुलिस को आंशका है कि बदमाश पहले दीवार फांदकर भीतर दाखिल हुए और फिर दरवाजे पर लगे ताले तोड़ कर अदंर जा घुसे। वही राजकुमार पटेल के मकान में सीसीटीवी नहीं मिलने से पुलिस आसपास के मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है। घटना को लेकर राजकुमार पटेल ने सरकार और पुलिस व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है की अपराधों का आंकड़ा लगातार बढ़ता जा रहा है, लेकिन पुलिस प्रशासन इन पर अंकुश नहीं लगा पा रहा है। फिलहाल बदमाशो की तलाश में जुटी पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। जुनेद / 17 सितंबर