राज्य
20-Sep-2025
...


ठाणे, (ईएमएस)। ठाणेकरों का सालों पुराना सपना आखिरकार साकार हो रहा है! शहर में ट्रैफिक जाम से राहत दिलाने के लिए बहुप्रतीक्षित मेट्रो 4ए का ट्रायल रन सोमवार दिनांक 22 सितंबर को घटस्थापना के अवसर पर होगा। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और अजित पवार की मौजूदगी में इस पहली ऐतिहासिक यात्रा को हरी झंडी दिखाई जाएगी। इससे घोड़बंदर रोड पर ट्रैफिक जाम से निजात मिलने की उम्मीद जगी है। मुंबई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण (एमएमआरडीए) 32.3 किलोमीटर लंबे वडाला-ठाणे-कासारवडवली मेट्रो-4 कॉरिडोर पर काम कर रहा है। इसके साथ ही, इस रूट का गायमुख (मेट्रो 4ए) तक विस्तार भी चरणों में किया जा रहा है। इसमें से, महत्वपूर्ण 10.5 किलोमीटर लंबा कैडबरी जंक्शन से गायमुख चरण पूरा होने वाला है और परीक्षण और सुरक्षा मंजूरी के बाद वर्ष के अंत तक यात्रियों के लिए खुलने की उम्मीद है। - ठाणे मेट्रो के ये होंगे 10 स्टेशन ठाणे मेट्रो के 10 स्टेशन भी तय कर लिए गए हैं। इन्हीं स्टेशनों पर ट्रायल रन होगा। ठाणे मेट्रो के 10 स्टेशनों के नाम इस प्रकार हैं: 1) कैडबरी, 2) माजीवाड़ा, 3) कपूरबावाडी, 4) मानपाड़ा, 5) टिकुजी-नी-वाड़ी, 6) डोंगरी पाड़ा, 7) विजय गार्डन, 8) कासारवडवली, 9) गव्हाणपाडा और 10) गायमुख। - कैसा है ठाणे मेट्रो का रूट ? मेट्रो 4 32.32 किमी लंबी है और मेट्रो 4ए 2.7 किमी लंबी है। इन दोनों लाइनों पर कुल 32 स्टेशन होंगे। वडाला से कासारवडवली तक का विस्तारित मार्ग, जिसे तीन चरणों में विभाजित किया गया है, लगभग 80 प्रतिशत पूरा हो चुका है। कासारवडवली से कैडबरी जंक्शन तक का पहला भाग दिसंबर 2025 तक पूरा होने की उम्मीद है। उसके बाद, कैडबरी जंक्शन से गांधीनगर तक का खंड 2026 में और वडाला तक का आखिरी भाग 2027 में पूरा होगा। कासारवडवली को गायमुख से जोड़ने वाली ग्रीन लाइन 4ए का विस्तार 90 प्रतिशत पूरा हो चुका है और इस साल के अंत तक इसके शुरू होने की संभावना है। इसलिए, ठाणे शहर में पहली मेट्रो इस साल के अंत तक चलने की संभावना है। फ़िलहाल ठाणेवासियों को मुंबई के वडाला तक मेट्रो से यात्रा करने के लिए कुछ दिन और इंतजार करना होगा। स्वेता/संतोष झा- २० सितंबर/२०२५/ईएमएस