कृषि उन्नति योजना अंतर्गत सीएम करेंगे राशि का वितरण बालाघाट (ईएमएस).मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव 24 सितंबर को कृषि उपज मंडी कटंगी में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में प्रदेश के धान उत्पादक किसानों को 377 करोड़ 12 लाख रुपए की प्रोत्साहन राशि का वितरण करेंगे। मुख्यमंत्री कृषि उन्नति योजना अंतर्गत मध्यप्रदेश के 6 लाख 69 हजार 272 किसानों को संवर्धन एवं आर्थिक सुरक्षा की दृष्टि से 337.12 करोड़ रुपये की धान प्रोत्साहन राशि का वितरण सिंगल क्लिक के माध्यम से किया जाएगा। बालाघाट जिले में 3 लाख 26 हजार 690 हेक्टेयर क्षेत्र में अलग-अलग फसलें बोई जाती है। जिसमे 1.5 लाख हेक्टेयर से अधिक रकबे पर पंजीकृत किसानों द्वारा धान लगाई जाती है। प्रति वर्ष न्यूनतम समर्थन मूल्य पर 1 लाख से अधिक किसानों से 5 लाख मेट्रिक टन से अधिक की धान खरीदी की जाती है। जिसमें किसानो को 1200 करोड़ रुपये से अधिक राशि का भुगतान सफलतापूर्वक उनके आधार से लिंक बैंक खाते में किया जाता है। प्रति वर्ष न्यूनतम समर्थन मूल्य पर उपार्जित धान में जिला प्रदेश में प्रथम स्थान पर रहता है। राज्य स्तरीय कार्यक्रम में धान की उन्नत किस्मों एवं आदिवासी अंचल में उगायी जाने वाली विभिन्न परपंरागत, देशज किस्मों की सजीव प्रदर्शनी लगायी जायेगी, जो कि जिले के प्रगतिशील किसानों के खेतों में उगायी जा रही है। वहीं एक जिला-एक उत्पाद एवं प्रदेश में कृषि क्षेत्र की प्रथम जीआई टैग प्राप्त बालाघाट चिन्नौर का चावल आकर्षण का प्रमुख केन्द्र रहेगा। इस कार्यक्रम में जिले में उत्पादित श्रीअन्न (मिलेट्स फसलें), एफपीओ, एसएचजी व एनजीओ द्वारा श्रीअन्न के मूल्य संवर्धित उत्पादों की श्री अन्न प्रदर्शनी भी दर्शित होगी। इसके अलावा नैनो यूरिया एवं नैनो डीएपी के अनुप्रयोग तकनीकी का प्रदर्शन किया जायेगा। प्रदर्शनी में सहकारिता विभाग द्वारा सहकार से समृद्धि योजनान्तर्गत पैक्स कंप्यूटराईजेशन, सीएससी सेंटर व पीएम जनऔषधि केन्द्र प्रदर्शित किया जायेगा। उद्यानिकी विभाग द्वारा उन्नत सिंचाई तकनीक, मत्स्य विभाग द्वारा पीएम मत्स्य संपदा योजना व जिले में किये गये नवाचार निषादराज भवन, पशुपालन विभाग एवं डेयरी विभाग द्वारा प्रदेश में सर्वाधिक पशु संख्या वाले जिले में डेयरी की संभावनाओं को बढ़ाने के लिए विभागीय योजनाओं व नवाचारों का प्रदर्शन किया जायेगा। भानेश साकुरे / 21 सितंबर 2025